Two youths died after their car sank in the Belan Canal; bodies recovered 10 hours later, leading to mourning in Koraon.
बारात में शामिल होने जा रहे दोस्तों की कार पुलिया से टकराकर नहर में गिरी, SDRF ने रेस्क्यू कर निकाले शव, दोनों मृतक थे परिवार के इकलौते बेटे
संवाददाता सुरेश चंद्र मिश्रा
Accident News कोरांव प्रयागराज।:- यमुनापार के कोरांव थाना क्षेत्र में रविवार रात बेलन नहर में कार गिरने से हुए दर्दनाक हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। लगभग 10 घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद सोमवार सुबह एसडीआरएफ की टीम ने दोनों युवकों के शव बरामद किए। हादसे से इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
घटना बढ़वारी कला गांव के पास स्थित बेलन नहर की पुलिया पर रविवार रात करीब 10 बजे हुई। बारात में शामिल होने जा रहे युवकों की दो कारें पुलिया की दीवार से टकराकर अनियंत्रित हो गईं और सीधे नहर में जा गिरीं। हादसे के बाद अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों और पुलिस की मदद से सात युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन दो युवक नहर के तेज बहाव में बह गए।

कोरांव पुलिस ने तत्काल बचाव कार्य शुरू कराया। सोमवार सुबह करीब सात बजे एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। नहर का पानी बंद कराकर खोज अभियान चलाया गया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद घटनास्थल से लगभग सौ मीटर आगे दोनों युवकों के शव बरामद कर लिए गए।
मृतकों की पहचान प्रदीप कुशवाहा उर्फ पिंटू (30 वर्ष) निवासी अतर्रा, बांदा और अनीस सिंह (20 वर्ष) निवासी शेरूहिया थाना फेफना, बलिया के रूप में हुई है। दोनों अपने परिवार के इकलौते बेटे थे और शांतिपुरम, प्रयागराज में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे थे।
प्रदीप कुशवाहा के पिता शिवमोहन कुशवाहा सीआरपीएफ में एसआई हैं। प्रदीप हाल ही में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में जुटा था और पिछले वर्ष उसका विवाह हुआ था। कुछ दिनों बाद उसकी पहली सालगिरह मनाने की तैयारी चल रही थी।
वहीं, अनीस सिंह के पिता नमोनारायण सीआरपीएफ में थे, जिनका 10 वर्ष पूर्व निधन हो चुका था। अनीस बीएससी की पढ़ाई के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। अनुकंपा के आधार पर उसकी नौकरी लगने वाली थी, जिसे लेकर परिवार बेहद खुश था।
पोस्टमार्टम के बाद सोमवार शाम दोनों शव परिजनों को सौंप दिए गए। शव घर पहुंचते ही कोहराम मच गया। मृतकों की मां और बहनें रो-रोकर बेसुध हो गईं। गांव और मोहल्ले में मातमी सन्नाटा छा गया।
पुलिस के अनुसार, हादसा तेज रफ्तार और पुलिया पर नियंत्रण खोने के कारण हुआ। मामले की जांच की जा रही है। प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया गया है।
इस हृदयविदारक हादसे ने दो परिवारों से उनके इकलौते चिराग छीन लिए और शादी की खुशियों को गहरे मातम में बदल दिया।
