A daylight robbery took place near the Meja Road police station. Bike-borne miscreants fled after defrauding a utensils shopkeeper of Rs 26,800.
मेजा रोड बाजार में ऑनलाइन भुगतान के बहाने वारदात, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस; व्यापारियों में दहशत
संवाददाता आलोपी शंकर शर्मा
Meja Prayagraj मेजा प्रयागराज।- जनपद के मेजा थाना क्षेत्र में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब पुलिस चौकी के नजदीक भी दिनदहाड़े ठगी की वारदात को अंजाम देने से नहीं चूक रहे। मेजा रोड बाजार में शुक्रवार शाम एक बर्तन दुकानदार को झांसे में लेकर बाइक सवार दो युवक 26,800 रुपये मूल्य के बर्तन लेकर फरार हो गए। घटना पुलिस चौकी से कुछ ही दूरी पर होने के कारण स्थानीय व्यापारियों में आक्रोश और भय का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, मेजा थाना क्षेत्र के खानपुर गांव निवासी रामदास पटेल मेजा रोड बाजार के कोहडार मार्ग पर वर्षों से बर्तन की दुकान चला रहे हैं। शुक्रवार की शाम दो युवक बाइक से उनकी दुकान पर पहुंचे और बर्तन खरीदने की इच्छा जताई। दोनों ने काफी देर तक बर्तनों को देखा, परखा और मोलभाव किया, जिससे दुकानदार को किसी तरह का संदेह नहीं हुआ।
मोलभाव तय होने के बाद युवकों ने 26,800 रुपये के बर्तन पैक करवा लिए। इसके बाद उन्होंने दुकानदार से ऑनलाइन भुगतान करने की बात कही और उसे बातों में उलझाए रखा। इसी बीच, मौका पाकर दोनों युवक बर्तनों का गट्ठर उठाकर अपनी बाइक से तेजी से फरार हो गए। दुकानदार जब तक स्थिति को समझ पाता, तब तक आरोपी आंखों से ओझल हो चुके थे।
घटना की जानकारी मिलते ही मेजा रोड बाजार में अफरा-तफरी मच गई। पीड़ित दुकानदार रामदास पटेल ने तुरंत मेजा रोड पुलिस चौकी पहुंचकर घटना की तहरीर दी और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
मेजा रोड चौकी प्रभारी सुधीर कुमार पांडे ने बताया कि बाजार और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। वहीं मेजा थाना प्रभारी दीनदयाल सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर देर रात मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच तेजी से की जा रही है।

दिनदहाड़े हुई इस ठगी की घटना से बाजार के व्यापारी खासे नाराज हैं। व्यापारियों का कहना है कि जब पुलिस चौकी के पास ही इस तरह की वारदात हो रही है, तो बाजार की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं। पुलिस अधिकारियों ने व्यापारियों को आश्वासन दिया है कि जल्द ही आरोपियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
