ओवरटेक के दौरान बाइक डनलप से टकराई—गोला सीएचसी ले जाते समय डॉक्टरों ने किया मृत घोषित, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा
ब्यूरो – अंशु वर्मा
लखीमपुर-खीरी गोला गोकर्णनाथ।- बांकेगंज–गोला मार्ग पर रविवार शाम हुए भीषण सड़क हादसे में 20 वर्षीय युवक सुखविन्दर ने दर्दनाक तरीके से अपनी जान गंवा दी। हादसा बाबूपुर गांव के पास तब हुआ जब सिद्दनपुर निवासी सुखविन्दर अपनी बाइक से घर लौट रहा था।
जानकारी के मुताबिक, शाम लगभग 6 बजे उसने सामने चल रही ट्रैक्टर–ट्रॉली को ओवरटेक करने की कोशिश की। इसी दौरान उसकी बाइक आगे चल रहे डनलप से तेज़ी से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सुखविन्दर सड़क पर ही गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा।
स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल गोला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों के अनुसार, सुखविन्दर अपने चार भाइयों में दूसरे नंबर पर था। अचानक हुई इस त्रासदी से गांव में गम का माहौल है।
