
राज्य महिला आयोग की सदस्य प्रतिभा कुशवाहा ने की महिला चौपाल व जनसुनवाई, 27 शिकायतों में से 5 का हुआ मौके पर निस्तारण
ब्यूरो रिपोर्ट – सुनील साहू
कौशांबी।:- राज्य महिला आयोग की सदस्य प्रतिभा कुशवाहा ने गुरुवार को मां शीतला अतिथि गृह, सयारा में महिला जनसुनवाई एवं समीक्षा बैठक का आयोजन किया। इस दौरान जिले भर से आई महिलाओं की समस्याएं सुनी गईं और संबंधित अधिकारियों के साथ त्वरित समाधान को लेकर गहन विचार-विमर्श किया गया।
जनसुनवाई के दौरान कुल 27 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 5 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष मामलों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए।
कार्यक्रम में महिला चौपाल का भी आयोजन हुआ, जिसमें आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, और स्वयं सहायता समूहों की सैकड़ों महिलाएं शामिल हुईं। इस अवसर पर महिलाओं को सरकारी योजनाओं, उनके कानूनी अधिकारों, और सशक्तिकरण के उपायों की जानकारी दी गई।
विभिन्न विभागों—खाद्य एवं रसद, स्वास्थ्य (एलोपैथिक व होम्योपैथिक), दिव्यांग कल्याण, श्रम, कृषि, महिला कल्याण आदि—द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित स्टॉल भी लगाए गए, जिनका सदस्य प्रतिभा कुशवाहा ने निरीक्षण कर लाभार्थियों से संवाद किया।
पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया
कार्यक्रम के अंतर्गत वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया। सदस्य प्रतिभा कुशवाहा, जिला विकास अधिकारी, एवं जिला प्रोबेशन अधिकारी मंतशा ने मिलकर पौधरोपण किया और उपस्थित महिलाओं को पौधे वितरित करते हुए उनके महत्त्व, देखभाल और पर्यावरणीय लाभों के बारे में जागरूक किया।
समीक्षा बैठक में दिए महत्वपूर्ण निर्देश
समीक्षा बैठक के दौरान महिला आयोग की सदस्य ने सभी कार्यालयों में यौन उत्पीड़न से संरक्षण अधिनियम 2013 की धारा 4 के तहत आंतरिक शिकायत समिति गठित करने के निर्देश दिए। साथ ही पात्र महिलाओं को सरकारी योजनाओं से जोड़ने पर जोर दिया।
इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी सिराथू, अधिशासी अधिकारी (विद्युत), परिवार परामर्श केंद्र प्रभारी, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी, पूर्ति निरीक्षक, खंड शिक्षा अधिकारी, सीडीपीओ कड़ा, श्रम प्रवर्तन अधिकारी, संरक्षण अधिकारी समेत कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।