हनुमान मंदिर में सेंधमारी करने वाले ‘अधर्मी’ दबोचे, विन्ध्यनगर पुलिस का प्रचंड प्रहार
सिंगरौली। आस्था के केंद्रों को निशाना बनाने वाले ‘धर्म के दुश्मनों’ के खिलाफ विन्ध्यनगर पुलिस ने सर्जिकल स्ट्राइक की है। ग्रीनहट कॉलोनी स्थित हनुमान मंदिर की पवित्रता भंग कर चांदी की गदा और मुकुट लूटने वाले तीन शातिर चोरों को पुलिस ने सलाखों के पीछे भेज दिया है। इनके पास से करीब 2 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया गया है।
पाताल से ढूँढ निकाले अपराधी: 10 फरवरी की रात मंदिर का ताला तोड़कर चोरी करने वाले संजय शाह, संजय वर्मा और संदीप वर्मा (निवासी गहिलगढ़) को पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा। आरोपियों ने चोरी की गदा को गलाकर बिस्किट बनवा लिया था, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है।
खाकी के नायकों का शौर्य: इस चोरी की गुत्थी को सुलझाने में थाना प्रभारी निरीक्षक अर्चना द्विवेदी, उप निरीक्षक अभिषेक पाण्डेय, उप निरीक्षक प्रियंका मिश्रा और सउनि रमेश प्रजापति की टीम ने अद्भुत कुशलता दिखाई। प्रधान आरक्षक मुनेन्द्र राणा, पंकज सिंह, विजय खरे, अरूणेन्द्र पटेल और आरक्षक मनोहर देवड़ा, भोले लोधी व अशोक कुशवाह की मुस्तैदी ने आरोपियों के हौसले पस्त कर दिए।
पुलिस की इस बेबाक कार्यवाही से क्षेत्र के अपराधियों में खौफ है, वहीं आम जनमानस ने पुलिस के इस ‘शौर्य’ की जमकर सराहना की है।
