सिंगरौली नगर निगम के वार्ड 42 में नाली निर्माण पर उठे सवाल, पार्षद ने ठेकेदार पर लगाए गंभीर आरोप..
50-55 लाख के काम में गुणवत्ता पर सवाल, शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं…
सिंगरौली संवाददाता…
सिंगरौली जिले के नगर पालिका निगम सिंगरौली के वार्ड क्रमांक 42 में चल रहे नाली निर्माण कार्य को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। निर्माण की गुणवत्ता पर लगातार सवाल उठ रहे हैं और स्थानीय पार्षद ने ठेकेदार की कार्यशैली पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पार्षद का कहना है कि करीब 50 से 55 लाख रुपये की लागत से बन रही नाली में नियमों का पालन नहीं किया जा रहा है। नाली का लेवल सही नहीं है और निर्माण कार्य मानकों के अनुरूप नहीं किया जा रहा। आरोप है कि जहां रेत का उपयोग होना चाहिए, वहां घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा है।
हैरानी की बात यह है कि वार्ड के पार्षद ने खुद इस निर्माण कार्य पर आपत्ति जताते हुए नगर निगम के कमिश्नर, कार्यपालन यंत्री और इंजीनियर तक शिकायत दर्ज कराई है। बावजूद इसके अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से नाराजगी बढ़ती जा रही है।
पार्षद ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही मामले में कार्रवाई नहीं की गई तो वे इस मुद्दे को बड़े स्तर पर उठाएंगे। वहीं स्थानीय लोगों में भी निर्माण की गुणवत्ता को लेकर असंतोष देखा जा रहा है। अब देखना होगा कि नगर निगम के जिम्मेदार अधिकारी इस मामले को गंभीरता से लेते हैं या फिर ठेकेदार की मनमानी यूं ही जारी रहेगी…..
इन सभी मामलों को लेकर नगर पालिका निगम सिंगरौली के इंजीनियर विपिन तिवारी ने बताया कि जितने गुणवत्ता विहीन कार्य किए गए हैं उन्हें तोड़ कर पुनः निर्माण होगा और इनके खिलाफ नोटिस भी काटकर वैधानिक कार्यवाही करने की बात कही गई…
