सीएसआर के अंतर्गत नंदगांव प्रसाद में आयोजित किया गया स्वास्थ्य शिविर
नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) के अंतर्गत निगाही परियोजना द्वारा सीएसआर पहल के तहत वार्ड क्रमांक 25, नंदगांव में एक व्यापक स्वास्थ्य शिविर का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को निःशुल्क एवं सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करना तथा स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
शिविर में डॉ. सयंतनी घोष के कुशल नेतृत्व में कुल 135 मरीजों का उपचार किया गया, जिनमें 25 गर्भवती महिलाएं भी शामिल रहीं। गर्भवती महिलाओं की विशेष रूप से जांच कर उन्हें आवश्यक परामर्श दिया गया, जिससे मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को सुदृढ़ किया जा सके।
इस अवसर पर सीएसआर अस्पताल टीम द्वारा सभी उपस्थित मरीजों की ब्लड प्रेशर (BP) एवं शुगर की जांच की गई। साथ ही स्वास्थ्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए मरीजों को प्रोटीन पाउडर, कैल्शियम, आयरन टॉनिक, मल्टीविटामिन एवं अन्य आवश्यक दवाओं का निःशुल्क वितरण किया गया।
शिविर के दौरान चिकित्सकों द्वारा लोगों को संतुलित आहार, स्वच्छता एवं नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व के बारे में भी जागरूक किया गया। ग्रामीणों को विशेष रूप से यह सलाह दी गई कि वे समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण कराते रहें और किसी भी प्रकार की बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सकीय परामर्श लें।
इस स्वास्थ्य शिविर के आयोजन से स्थानीय क्षेत्र के लोगों को काफी लाभ मिला तथा उन्होंने एनसीएल की इस जनकल्याणकारी पहल की सराहना की। ग्रामीणों ने बताया कि इस प्रकार के शिविर न केवल उपचार प्रदान करते हैं, बल्कि स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
