Bike stolen from NTPC Meja parking lot, high-security zone breached
नाइट ड्यूटी कर निकले कर्मचारी की उड़ गई बाइक, पुलिस अज्ञात चोरों के पीछे सीसीटीवी खंगालने में जुटी
ब्यूरो रिपोर्ट
Meja NTPC Crime News:- प्रयागराज जिले के मेजा स्थित एनटीपीसी परिसर में मंगलवार रात चोरों ने सुरक्षा व्यवस्था को खुली चुनौती देते हुए पार्किंग से एक मोटरसाइकिल चोरी कर ली। हाई-सिक्योरिटी माने जाने वाले एनटीपीसी परिसर में हुई इस वारदात से कर्मचारियों में हड़कंप मच गया है और सुरक्षा इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
आशीष इंटरप्राइजेज में ऑपरेटर के पद पर कार्यरत अनुपम तिवारी ने अपनी हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल (संख्या: UP70 GA 7344) मंगलवार रात करीब 9:45 बजे एनटीपीसी परिसर की पार्किंग में खड़ी की थी। इसके बाद वह नाइट ड्यूटी में चले गए। बुधवार सुबह लगभग 8 बजे जब वह मॉर्निंग शिफ्ट पूरी कर बाहर निकले, तो उनकी बाइक पार्किंग से गायब मिली।

पीड़ित अनुपम तिवारी ने तत्काल कोहड़ार घाट चौकी प्रभारी व थाना मेजा पुलिस को लिखित शिकायत सौंपते हुए अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने और चोरी गई बाइक बरामद करने की मांग की।
मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए थाना मेजा प्रभारी दीनदयाल सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस टीम को घटनास्थल पर भेजा गया है और पार्किंग क्षेत्र सहित एनटीपीसी परिसर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
इस सनसनीखेज चोरी की घटना के बाद एनटीपीसी में कार्यरत कर्मचारियों में नाराजगी देखी जा रही है। कर्मचारियों का कहना है कि जब संवेदनशील और संरक्षित माने जाने वाले औद्योगिक परिसर में वाहन सुरक्षित नहीं हैं, तो आम नागरिकों की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित होगी।
पुलिस का दावा है कि जल्द ही चोरी का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल पूरी घटना की जांच तेज कर दी गई है।
