डिवाइडर तोड़ दूसरी लेन में घुसा डंपर, कुछ देर बाधित रहा यातायात
सिंगरौली। सिंगरौली जिले के जियावान थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे-39 पर सोमवार को एक सड़क हादसा हो गया। देवसर स्थित सरस्वती स्कूल के पास फ्लाई ऐश ले जा रहे एक बल्कर और डंपर की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि डंपर सड़क का डिवाइडर तोड़ते हुए दूसरी लेन में जा घुसा। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी भी वाहन चालक या राहगीर को कोई चोट नहीं आई। हालांकि दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पहले से ही व्यस्त इस मार्ग पर हादसे के चलते कुछ समय के लिए यातायात बाधित हो गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई से बहाल हुआ यातायात
हादसे की सूचना मिलते ही जियावान थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल राहत एवं यातायात व्यवस्था संभाली। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया तथा डिवाइडर के पास फंसे डंपर को हटाकर रास्ता साफ कराया। पुलिस की तत्परता से कुछ ही समय में हाईवे पर आवागमन सामान्य हो सका।
तेज रफ्तार और लापरवाही की आशंका
पुलिस के अनुसार, फिलहाल किसी भी वाहन चालक द्वारा थाने में लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का संभावित कारण माना जा रहा है। पुलिस मामले से संबंधित जानकारी जुटा रही है और शिकायत मिलने पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
