सिंगरौली में प्रथम आगमन पर प्रदेश अध्यक्ष जगदीश यादव का भव्य स्वागत
सिंगरौली। रामलीला मैदान, वैढ़न में अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा के शताब्दी वर्ष के अवसर पर भव्य मिलन समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा मध्यप्रदेश इकाई के प्रदेश अध्यक्ष जगदीश यादव के सिंगरौली में प्रथम आगमन पर यादव समाज द्वारा गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
अपने ओजस्वी संबोधन में जगदीश यादव ने सिंगरौली के यादव समाज को नई ऊर्जा और दिशा देने का आह्वान किया। उन्होंने समाज में व्याप्त कुरीतियों, अंधविश्वास, बेरोजगारी, शिक्षा की कमी और जातिवाद जैसे गंभीर विषयों पर विस्तार से चर्चा करते हुए समाज के समग्र विकास पर जोर दिया। उन्होंने सभी से संयम, धैर्य, एकाग्रता और एकजुटता बनाए रखते हुए संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।
बड़ी संख्या में शामिल हुए सामाजिक बंधु
शताब्दी वर्ष समारोह में सिंगरौली जिले के साथ-साथ उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ की सीमा से लगे जिलों के बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, पदाधिकारी और सामाजिक बंधु शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इसके पश्चात अतिथियों का पुष्पमाला, शाल और श्रीफल भेंट कर स्वागत किया गया।
संगठन को मजबूत करने पर दिया गया बल
मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों ने अपने संबोधन में संगठन को सशक्त बनाने, समाज में एकजुटता बढ़ाने और सकारात्मक दिशा में कार्य करने पर बल दिया। वक्ताओं ने यादव समाज से संगठित होकर शिक्षा, रोजगार और सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में आगे बढ़ने का आह्वान किया।
