Honesty shines on Orai Station Road, sanitation worker Raja Valmiki returns ladies purse full of jewellery
सड़क पर मिला कीमती पर्स सुरक्षित लौटाकर पेश की मिसाल, भावुक दंपति ने किया सम्मानित
संवाददाता : हिमांशु गौर
Jalaun जालौन उरई। :- भागदौड़ भरी जिंदगी और बढ़ती बेईमानी के दौर में जब हर तरफ अविश्वास का माहौल है, ऐसे समय में उरई स्टेशन रोड पर एक सफाई कर्मी ने ईमानदारी की ऐसी मिसाल पेश की, जिसने इंसानियत पर फिर से भरोसा जगा दिया।
बुधवार सुबह करीब 6:30 बजे स्टेशन रोड पर सफाई कार्य कर रहे नगर पालिका कर्मी राजा वाल्मीकि की नजर सड़क पर पड़े एक लेडीज़ पर्स पर पड़ी। पर्स में कीमती आभूषण और जरूरी सामान रखा हुआ था। पर्स की मालिक पूजा कुशवाहा अनजाने में उसे गिराकर आगे निकल चुकी थीं।
राजा वाल्मीकि ने पर्स को उठाकर न तो नजरअंदाज किया और न ही उसमें रखे सामान पर गलत नजर डाली। उन्होंने तुरंत पास ही मौजूद न्यूज़ पेपर विक्रेता मोहित चौरसिया को बुलाया और दोनों ने मिलकर पर्स को सुरक्षित अपने पास रखा। इसके बाद पर्स के असली मालिक की तलाश शुरू की गई।
कुछ ही देर बाद पूजा कुशवाहा अपने पति दिलीप कुशवाहा के साथ वापस स्टेशन रोड पहुंचीं और पर्स के बारे में जानकारी दी। पहचान होने पर राजा वाल्मीकि ने पर्स ज्यों का त्यों सुरक्षित उन्हें सौंप दिया।
अपना खोया हुआ कीमती सामान वापस पाकर दंपति भावुक हो उठे। उन्होंने राजा वाल्मीकि को 700 रुपये का इनाम देकर सम्मानित किया और उनका आभार व्यक्त किया। वहीं, मौके पर मौजूद लोगों ने भी राजा की ईमानदारी की खुले दिल से सराहना की।
इस घटना ने यह साबित कर दिया कि समाज में अभी भी ऐसे लोग मौजूद हैं, जिनके लिए ईमानदारी और इंसानियत सबसे बड़ी पूंजी है।
उरई स्टेशन रोड पर उस दिन सिर्फ सफाई नहीं हुई, बल्कि ईमानदारी और मानवता भी चमकती नजर आई।
