High-speed trailer wreaks havoc in Meja: Young man crushed to death, angry villagers block road
मैदनिया गांव के युवक की मौके पर गई जान, हादसे के बाद घंटों बाधित रहा यातायात; ट्रेलर जब्त, जांच में जुटी पुलिस
संवाददाता आलोपी शंकर शर्मा
Accident Meja मेजा प्रयागराज:- प्रयागराज जिले के मेजा थाना क्षेत्र में सोमवार रात दर्दनाक सड़क हादसे ने इलाके में सनसनी फैला दी। अनियंत्रित और तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर जाम लगा दिया, जिससे कुछ समय के लिए यातायात पूरी तरह ठप हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार, मैदनिया गांव निवासी अजीत कुमार निषाद (43) पुत्र स्वर्गीय प्यारे लाल सोमवार शाम करीब सात बजे घर से पैदल सामान लेने निकले थे। इसी दौरान सड़क से गुजर रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि अजीत कुमार की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही एसीपी मेजा संत प्रसाद उपाध्याय और मेजा थाना प्रभारी दीनदयाल सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल ट्रेलर को कब्जे में ले लिया और स्थिति को संभालने का प्रयास शुरू किया।
इस बीच हादसे से गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क पर पत्थर रखकर आवागमन बाधित कर दिया। जाम के चलते दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने वाहनों की आवाजाही रोककर ग्रामीणों से बातचीत की और उन्हें समझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद ग्रामीण शांत हुए और जाम हटवाया जा सका।
पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। मेजा थाना प्रभारी दीनदयाल सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
दुर्घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने क्षेत्र में तेज रफ्तार भारी वाहनों पर रोक और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों से लोगों की जान बचाई जा सके।
