Severe cold wave grips Meja-Koraon: Temperatures drop to 10-11 degrees, fog halts weather
घरों में दुबके लोग, बाजारों में जलाए गए अलाव; 10–20 मीटर तक सिमटी दृश्यता से बढ़ा हादसों का खतरा
संवाददाता सुरेश चंद्र मिश्रा
Meja Prayagraj प्रयागराज जिले के मेजा और कोरांव तहसील क्षेत्रों में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे ने जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। रविवार सुबह 10 बजे तक कोरांव क्षेत्र में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस और मेजा में 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ठंड और शीतलहर के चलते लोग अत्यंत आवश्यक कार्य होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं, जबकि अधिकांश लोग घरों में दुबकने को मजबूर हैं।
घने कोहरे के कारण खेतों से लेकर मुख्य सड़कों तक दृश्यता बेहद कम हो गई है। कई स्थानों पर दृश्यता महज 10 से 20 मीटर तक सिमट गई, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कोहरे के चलते सड़क दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ गई है। वाहन चालक दिन में भी हेडलाइट और फॉग लाइट जलाकर चलने को मजबूर हैं।
ठंड का सबसे ज्यादा असर ग्रामीण इलाकों में देखने को मिल रहा है। सुबह और शाम के समय तेज ठंडी हवाओं के कारण लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है। ग्रामीण क्षेत्रों में लोग अलाव जलाकर ठंड से राहत पाने की कोशिश कर रहे हैं। मजदूर वर्ग और किसान विशेष रूप से प्रभावित हैं, क्योंकि ठंड और कोहरे ने उनके दैनिक कामकाज पर प्रतिकूल असर डाला है। किसानों को सुबह खेतों में काम करने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

बढ़ती ठंड से बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों की परेशानी भी बढ़ गई है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को ठंड के मौसम में अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी है। विशेषज्ञों का कहना है कि लोग गर्म कपड़े पहनें, गर्म पेय पदार्थों का सेवन करें और अनावश्यक रूप से सुबह-शाम बाहर निकलने से बचें। साथ ही वाहन चालकों से कोहरे के दौरान धीमी गति से वाहन चलाने और फॉग लाइट का प्रयोग करने की अपील की गई है।
ठंड से बचाव के लिए प्रशासन ने भी मोर्चा संभाल लिया है। कोरांव उपजिलाधिकारी संदीप तिवारी ने बताया कि कोरांव तहसील क्षेत्र के 34 बाजारों में अलाव की व्यवस्था की गई है। वहीं मेजा उपजिलाधिकारी सुरेंद्र यादव ने जानकारी दी कि मेजा क्षेत्र के 29 बाजारों में अलाव जलवाए जा रहे हैं। प्रशासन की इस पहल से राहगीरों और जरूरतमंदों को कुछ हद तक राहत मिल रही है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे ठंड और कोहरे के इस दौर में सतर्क रहें और आवश्यक सावधानियां अपनाएं, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके।
