A primary school in Meja was targeted by thieves, with items including a gas cylinder stolen from the kitchen.
रात में ताला तोड़कर मिड-डे मील का बर्तन व चूल्हा ले उड़े चोर, बढ़ती चोरी से ग्रामीणों में आक्रोश
संवाददाता आलोपी शंकर शर्मा
Meja Prayagraj मेजा, प्रयागराज।- प्रयागराज जनपद के मेजा थाना क्षेत्र अंतर्गत उरुवा विकासखंड स्थित बगहा प्राथमिक विद्यालय में बीती रात चोरी की बड़ी घटना सामने आई है। अज्ञात चोरों ने विद्यालय के रसोई घर का ताला तोड़कर मिड-डे मील में उपयोग होने वाला गैस सिलेंडर सहित कई कीमती बर्तन चुरा लिए। घटना की जानकारी सुबह तब हुई, जब विद्यालय खुलने पर रसोई घर का ताला टूटा हुआ पाया गया।
चोरों ने रसोई घर से एक बड़ा भगोला, तीन कलछुल, दो बाल्टी, एक परात, दो ढक्कन, एक तावा, तीन तसले, छह प्लेट, आठ गिलास, एक गैस चूल्हा और एक गैस सिलेंडर चोरी कर लिया। चोरी गए सामान से विद्यालय में बच्चों के लिए बनने वाला मध्यान्ह भोजन पूरी तरह प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।
सुबह विद्यालय पहुंची रसोइया विनिता ने रसोई घर की अव्यवस्थित स्थिति देखकर तत्काल विद्यालय प्रशासन को इसकी सूचना दी। इसके बाद विद्यालय के प्रधानाचार्य ने सिरसा पुलिस चौकी पहुंचकर अज्ञात चोरों के खिलाफ लिखित तहरीर देकर उचित कार्रवाई की मांग की।
मामले को लेकर सिरसा पुलिस चौकी प्रभारी अनिल कुमार पांडेय ने बताया कि विद्यालय प्रशासन की ओर से लिखित तहरीर प्राप्त हो चुकी है। जांच के लिए पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया है और जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि पिछले एक पखवाड़े के भीतर मेजा और आसपास के इलाकों में चोरी की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। लगातार हो रही इन वारदातों से ग्रामीणों में भय और असंतोष का माहौल है। लोगों का कहना है कि रात्रि गश्त में कमी के चलते चोर बेखौफ होकर घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं।
स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से विद्यालयों और सार्वजनिक संस्थानों की सुरक्षा बढ़ाने तथा चोरी की घटनाओं पर सख्ती से रोक लगाने की मांग की है।
