Son kills father with stick over fodder dispute, elderly man dies during treatment
बारा थाना क्षेत्र के सीधीकट गांव में मामूली घरेलू विवाद ने लिया खूनी रूप, बेटे के सिर पर वार से गंभीर रूप से घायल 65 वर्षीय पिता ने एसआरएन अस्पताल में तोड़ा दम, एफआईआर दर्ज
संवाददाता
Bara Prayagraj बारां प्रयागराज।- बारा थाना क्षेत्र के पंडित का पूरा सीधीकट गांव में पशुओं को चारा डालने को लेकर हुआ विवाद एक परिवार के लिए त्रासदी बन गया। शनिवार देर शाम पिता-पुत्र के बीच शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई। गुस्से में आकर बेटे ने घर में रखी लाठी से पिता के सिर पर जोरदार वार कर दिया, जिससे बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना में घायल राम बहादुर (65) को परिजन आनन-फानन में स्थानीय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से हालत नाजुक देखते हुए उन्हें एसआरएन अस्पताल रेफर कर दिया गया। अस्पताल में इलाज के दौरान रविवार सुबह राम बहादुर की मौत हो गई। बुजुर्ग की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक का माहौल छा गया।
सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों की तहरीर पर आरोपी बेटे के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है और आरोपी की भूमिका व घटना के सभी पहलुओं की छानबीन की जा रही है।
पुलिस उपायुक्त यमुनानगर विवेक चन्द्र यादव ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला घरेलू विवाद का है, जिसमें बेटे द्वारा लाठी से किए गए हमले के कारण पिता की मौत हुई है। आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
