Two separate incidents claimed two lives in Prayagraj, with the suicides of a student and a young man leaving families in turmoil.
खुल्दाबाद में बीए छात्रा ने घर में लगाई फांसी, धूमनगंज के जंगल में स्कूल वैन चालक का शव मिला; कारणों पर सस्पेंस बरकरार
ब्यूरो रिपोर्ट
Prayagraj Crime प्रयागराज, – शहर में गुरुवार को हुई दो अलग-अलग घटनाओं ने परिवारों की खुशियां छीन लीं। खुल्दाबाद क्षेत्र में बीए प्रथम वर्ष की छात्रा कृति साहू ने घर में फांसी लगाकर जान दे दी, जबकि धूमनगंज इलाके के धुस्सा जंगल में एक युवक का शव फांसी पर लटका मिला। दोनों ही मामलों में आत्महत्या के स्पष्ट कारण सामने नहीं आ सके हैं।
खुल्दाबाद के बनर्जी चौराहा निवासी जितेंद्र साहू पान की दुकान चलाते हैं। उनकी 19 वर्षीय बेटी कृति साहू पढ़ाई में आगे बढ़ना चाहती थी। गुरुवार दोपहर वह घर में अकेली थी, इसी दौरान उसने फांसी लगा ली। कुछ देर बाद परिजनों को घटना की जानकारी हुई। आनन-फानन में कृति को निजी अस्पताल ले जाया गया, फिर एसआरएन अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों के अनुसार, कृति उसी दिन कॉलेज जाना चाहती थी, लेकिन मां के मना करने से वह नाराज थी। कृति अपने माता-पिता की इकलौती बेटी थी, जबकि एक छोटा भाई आयुष है।
उधर, धूमनगंज के राजरूपपुर निवासी 26 वर्षीय मोहित रविदास का शव गुरुवार दोपहर घर से कुछ दूरी पर धुस्सा के जंगल में फांसी पर लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव नीचे उतरवाया और शिनाख्त कराई। मोहित तीन भाइयों में सबसे छोटा था और एक स्कूल वैन चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। परिजनों ने बताया कि रात में पत्नी रेखा से किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। दोपहर करीब एक बजे वह घर से निकला था। मोहित अपने पीछे पत्नी और दो बेटियों को छोड़ गया है।
दोनों घटनाओं से संबंधित परिवारों में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है।
