A massive fire broke out in the cabin at the Bampur railway crossing, causing panic in the Manda area.
ओवरब्रिज निर्माण के दौरान बने रेलवे केबिन में लगी आग, सारा सामान जलकर राख, समय रहते टली जनहानि
संवाददाता – आलोपी शंकर शर्मा
(Manda Prayagraj) मांडा प्रयागराज- जनपद के मांडा क्षेत्र स्थित बामपुर रेलवे फाटक पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब रेलवे के एक केबिन में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते केबिन पूरी तरह जलकर राख हो गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगते ही आसपास धुएं का गुबार उठने लगा, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। केबिन के भीतर रखा सारा सामान आग की चपेट में आ गया और कुछ ही देर में नष्ट हो गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने तत्काल 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को जानकारी दी।
सूचना पाकर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया गया। समय रहते आग बुझा लिए जाने के कारण आग आसपास के इलाकों में फैलने से रुक गई और किसी बड़े हादसे को टाल दिया गया।
बताया जा रहा है कि यह रेलवे केबिन ओवरब्रिज निर्माण के दौरान अस्थायी रूप से बनाया गया था। घटना के समय केबिन में न तो कोई कार्य चल रहा था और न ही कोई कर्मचारी मौजूद था, जिससे जनहानि नहीं हुई। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण बिजली का शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।
फिलहाल रेलवे प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आग लगने के सटीक कारणों का पता लगाया जा रहा है। घटना के बाद से रेलवे परिसर और आसपास के क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी गई है।
