Lakhs stolen from a public service center in Meja; thieves broke the back wall and attacked.
नकदी, तीन लैपटॉप और सीसीटीवी सिस्टम सहित कीमती सामान समेट ले गए चोर, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, जांच तेज
संवाददाता -आलोपी शंकर शर्मा
(Meja Prayagraj) मेजा प्रयागराज – मेजा थाना क्षेत्र अंतर्गत कोहड़ार चौकी के सुजनी समोधा डीही खुर्द गांव में स्थित एक जनसेवा केंद्र को बीती रात चोरों ने निशाना बना लिया। चोर पीछे की दीवार में सेंध लगाकर केंद्र के भीतर घुसे और नकदी समेत लाखों रुपये का कीमती सामान चोरी कर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है, वहीं स्थानीय व्यापारियों में पुलिस गश्त को लेकर नाराजगी देखने को मिल रही है।
जानकारी के अनुसार, यह जनसेवा केंद्र गांव निवासी राजेश कुमार का है। राजेश कुमार रोज की तरह रात में दुकान बंद कर घर चले गए थे। सुबह जब वह केंद्र पर पहुंचे तो पीछे की दीवार टूटी देख उनके होश उड़ गए। अंदर जाकर देखने पर पता चला कि दराज में रखे करीब 1 लाख 18 हजार रुपये नकद, तीन लैपटॉप, सीसीटीवी कैमरा, डीवीआर, सीपीयू समेत अन्य जरूरी उपकरण गायब थे। चोरी गए सामान की कुल कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। पीड़ित की तहरीर पर मेजा थाने में शाम करीब 4 बजे अज्ञात चोरों के खिलाफ अभियोग दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं।
इस वारदात के बाद क्षेत्र के व्यापारियों में रोष व्याप्त है। व्यापारियों का आरोप है कि रात में नियमित पुलिस गश्त नहीं होने के कारण चोरों के हौसले बुलंद हैं। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और गश्त बढ़ाने की मांग की है।
कोहड़ार चौकी प्रभारी अनुज कुमार राय ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। वहीं मेजा थाना प्रभारी दीनदयाल सिंह ने कहा कि चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है तथा आसपास के बाजारों और रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही चोरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
पुलिस की कार्रवाई पर अब स्थानीय लोगों की नजरें टिकी हैं, वहीं इस घटना ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
