शादी से लौटते समय बंधवा गांव के पास हुआ हादसा—घायल युवक ने CHC रामनगर में तोड़ा दम, परिजनों में कोहराम
संवाददाता: आलोपी शंकर शर्मा
सादिका पवित्र—प्रयागराज (मेजा) – प्रयागराज के मेजा थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 23 वर्षीय युवक की मौत हो गई। यह घटना मेजारोड पुलिस चौकी अंतर्गत बंधवा गांव के पास उस समय हुई, जब युवक शादी समारोह से लौटकर घर जा रहा था।
मृतक की पहचान दीपक कुमार पुत्र स्वर्गीय शिवमनी निवासी इसौटा के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, दीपक करछना के डीहा गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। दोपहर लगभग एक बजे वह बाइक से वापस लौट रहे थे, तभी बंधवा गांव के पास एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में तेज रफ्तार से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दीपक मौके पर ही गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलने पर मेजारोड चौकी प्रभारी सुधीर कुमार पांडेय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायल युवक को तत्काल CHC रामनगर भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने बाइक के नंबर के आधार पर परिजनों को घटना की सूचना दी। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में मातम फैल गया।
मेजा थाना प्रभारी दीनदयाल सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है और मामले की जांच जारी है। उन्होंने आश्वासन दिया कि घटना में संबंधित वाहन चालक के खिलाफ जल्द ही कार्रवाई की जाएगी।
