प्रयागराज में डीएम मनीष कुमार वर्मा ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर सीसीटीवी मॉनिटरिंग, कंट्रोल रूम की व्यवस्था और परीक्षा संचालन की की गहन समीक्षा
ब्यूरो रवि शंकर गुप्ता
प्रयागराज। जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने शनिवार को उत्तर प्रदेश पुलिस विभाग द्वारा आयोजित कंप्यूटर ऑपरेटर ग्रेड-ए, पुलिस उपनिरीक्षक (गोपनीय), पुलिस सहायक उपनिरीक्षक (लिपिक) और पुलिस सहायक उपनिरीक्षक (लेखा) की लिखित परीक्षा के सुचारू एवं निष्पक्ष संचालन के दृष्टिगत विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ईश्वर शरण इंटर कॉलेज, कर्नलगंज इंटर कॉलेज, आर्य कन्या इंटर कॉलेज समेत अन्य परीक्षा केंद्रों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर बनाए गए कंट्रोल रूम का निरीक्षण करते हुए सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली और उनके माध्यम से की जा रही मॉनिटरिंग की बारीकी से जांच की।
डीएम ने प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर नियुक्त स्टैटिक मजिस्ट्रेट, प्रधानाचार्य और संबंधित अधिकारियों से परीक्षा में शामिल अभ्यर्थियों की संख्या, कक्षवार सीटिंग अरेंजमेंट और सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि परीक्षा पूरी पारदर्शिता, शांति और निष्पक्षता के साथ सम्पन्न होनी चाहिए।

जिलाधिकारी ने प्रत्येक परीक्षा कक्ष का निरीक्षण कर परीक्षा संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने की सख्त हिदायत दी। उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान अनुशासन और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी, ताकि सभी अभ्यर्थियों को निष्पक्ष वातावरण में परीक्षा देने का अवसर प्राप्त हो।
