मंदिर से लौट रही महिला को बुलेट चालक ने मारी, हुई मौत
दशहरे की पूजा कर एक महिला जब मंदिर से घर लौट रही थी, उसी समय तेज रफ्तार बुलेट बाइक चलाते आए युवक ने उसे टक्कर मार दी, जिससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना शुक्रवार दोपहर दो बजे बरगवां थाना क्षेत्र के बरैनिया गांव की बताई जा रही है। पुलिस ने बताया कि डगा बड़ोखर रोड निवासी महिला राजकुमारी पति रमेश वैश्य 52 वर्ष सड़क से पैदल अपने घर जा रही थी, उसी समय तेज रफ्तार बाइक चालक ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बाइक चालक युवक भी गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सड़क हादसे में महिला की मौत की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंचे परिजनों ने सड़क पर शव रखकर जमकर हंगामा शुरू कर दिया। परिजनों ने मुआवजे की मांग करते हुए बाइक चालक के खिलाफ कठोर कार्रवाई किये जाने की मांग की। हंगामे व विरोध की सूचना मिलने के बाद देवसर विधायक राजेंद्र मेश्राम भी मौके पर पहुंचे और हंगामा कर रहे लोगों से बातचीत कर मामले को शांत कराया। करीब तीन घंटे तक चले हंगामे के बाद महिला के शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया। बरगवां थाना प्रभारी मोहम्मद समीर ने बताया कि एक्सीडेंट का मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।
