Sensational dowry harassment case in Manda: FIR against three including husband, investigation begins
कार और पांच लाख की मांग पूरी न होने पर लाठी-डंडों से पीटा, खौलती दाल फेंकने का आरोप; डीसीपी के निर्देश पर एफआईआर, जांच शुरू
संवाददाता आलोपी शंकर शर्मा
Manda Prayagraj मांडा प्रयागराज :- जनपद मांडा थाना क्षेत्र से दहेज प्रताड़ना का एक गंभीर और संवेदनशील मामला सामने आया है। यहां एक विवाहिता को दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुराल वालों द्वारा लगातार प्रताड़ित करने, बेरहमी से मारपीट करने और अंततः घर से निकाल देने का आरोप लगा है। पीड़िता की मां की शिकायत पर पुलिस ने पति समेत तीन आरोपियों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न और मारपीट का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता की मां रामदेई ने शनिवार को पुलिस उपायुक्त यमुनानगर कमिश्नरेट प्रयागराज को तहरीर दी थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी विवेक चंद्र यादव के निर्देश पर शनिवार देर रात मांडा थाने में एफआईआर दर्ज की गई। पुलिस के अनुसार, पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है।
तहरीर के अनुसार, रामदेई की बेटी रेखा का विवाह लगभग पांच वर्ष पूर्व नीरज कुमार से हुआ था। विवाह के समय हैसियत के अनुसार मोटरसाइकिल, 10 हजार रुपये नकद, अंगूठी, चेन और घड़ी उपहार में दिए गए थे। शुरुआती एक वर्ष तक सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन उसके बाद रेखा की सास, देवर धीरज और पति नीरज कुमार ने उस पर अतिरिक्त दहेज लाने का दबाव बनाना शुरू कर दिया।
आरोप है कि ससुराल पक्ष द्वारा रेखा से कार और पांच लाख रुपये नकद की मांग की जाने लगी। मांग पूरी न होने पर उसके साथ आए दिन गाली-गलौज और लाठी-डंडों से मारपीट की जाती थी। कुछ महीने पहले पति नीरज ने रेखा को बेरहमी से पीटा और उस पर खौलती दाल फेंक दी, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गई और घायल हो गई।
लगातार हो रही यातनाओं से तंग आकर रेखा अपने मायके पहुंची और परिजनों को आपबीती सुनाई। इसके बाद मांडा थाने में शिकायत की गई, जहां पुलिस ने दोनों पक्षों को बुलाकर समझौता कराया और रेखा को ससुराल भेज दिया था।
हालांकि, समझौते के बाद भी हालात नहीं बदले। आरोप है कि ससुराल लौटते ही रेखा के साथ फिर से क्रूरता की गई। पति नीरज ने मां-बहन की गालियां देते हुए उसे दीवार में दबाकर, मुंह में कपड़ा ठूंसकर बेरहमी से पीटा। इस घटना में रेखा को गंभीर चोटें आईं, जिनका इलाज अभी भी चल रहा है। फिलहाल पीड़िता अपने मायके में रह रही है।
मांडा थाना प्रभारी अनिल वर्मा ने बताया कि पीड़िता की मां की तहरीर पर पति नीरज कुमार, सास और देवर धीरज के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
