Major action against cow smuggling in Meja, Prayagraj; Two quintals of suspected meat recovered from auto.
दो कुंतल से अधिक संदिग्ध मांस बरामद, ऑटो के टायर से तमंचा व जिंदा कारतूस मिला, दो तस्कर फरार
संवाददाता आलोपी शंकर शर्मा
Meja Prayagraj मेजा प्रयागराज। – मेजा थाना क्षेत्र में गौमांस तस्करी का गंभीर मामला सामने आया है। प्रयाग गौ सेवा संगठन की सूचना पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो कुंतल से अधिक संदिग्ध मांस बरामद किया है। मौके से अवैध हथियार भी मिला है। इस कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि दो अन्य तस्कर मौके से फरार हो गए।
प्रयाग गौ सेवा संगठन को सूचना मिली थी कि मेजा क्षेत्र में चार गौ तस्कर अवैध रूप से मांस की तस्करी कर रहे हैं। सूचना मिलते ही संगठन ने स्थानीय गौ सेवकों को सतर्क किया और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी। इस अभियान में संगठन से जुड़े संजय केशरवानी की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिनकी सक्रियता से तस्करों तक पहुंच संभव हो सकी।
सूचना के आधार पर मौके पर पहुंची पुलिस और गौ सेवकों की संयुक्त टीम ने तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान दो कुंतल से अधिक मांस बरामद किया गया। प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि बरामद मांस गाय और नीलगाय का हो सकता है। मांस को पोस्टमॉर्टम एवं लैब जांच के लिए सुरक्षित भेज दिया गया है, ताकि पुष्टि हो सके।
तलाशी के दौरान एक ऑटो रिक्शा के स्पेयर टायर के नीचे छिपाकर रखा गया एक अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस भी बरामद हुआ। प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि हथियार तस्करों द्वारा आत्मरक्षा अथवा किसी आपराधिक वारदात की नीयत से रखा गया था।
कार्रवाई के समय गौ रक्षकों की संख्या अधिक होने और सतर्कता बरते जाने के कारण कोई अप्रिय घटना नहीं हुई। हालांकि, मौके से दो तस्कर भागने में सफल हो गए, जिनकी तलाश में पुलिस द्वारा संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही प्रयाग गौ सेवा संगठन की राष्ट्रीय टीम एवं गौ रक्षक सीओ मेजा कार्यालय पहुंचे और मामले को लेकर एक लिखित ज्ञापन सौंपा। इस पर सीओ मेजा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए कड़ी निगरानी और प्रभावी कदम उठाने का आश्वासन दिया है।
फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और फरार तस्करों की तलाश जारी है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
