Two people, including a social worker’s brother, were injured in a head-on collision between two bikes in Meja.
मेजा-कोरावं मार्ग पर हादसा, नशे में धुत बाइक सवार की टक्कर से मची अफरा-तफरी, दोनों घायल खतरे से बाहर
संवाददाता आलोपी शंकर शर्मा
Meja Prayagraj मेजा प्रयागराज।- मेजा थाना क्षेत्र में बुधवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मेजा-कोरावं मार्ग पर बोलन के पास आमने-सामने दो बाइकों की जोरदार भिड़ंत में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में क्षेत्र के प्रतिष्ठित समाजसेवी अजयकांत ओझा के छोटे भाई विष्णुकांत ओझा भी शामिल हैं। हादसा शाम करीब 6 बजे हुआ, जिससे कुछ देर के लिए सड़क पर अफरा-तफरी मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मरहा गांव निवासी विष्णुकांत ओझा अपनी बाइक से मेजा बाजार की ओर जा रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से तेज रफ्तार में आ रहे एक अन्य बाइक सवार ने उनकी बाइक में सीधी टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि दूसरा बाइक सवार शराब के नशे में धुत था और संतुलन खो बैठा, जिसके चलते यह हादसा हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइक सवार कई फीट दूर जा गिरे।
हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायलों को निजी वाहनों से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मेजा पहुंचाया। घटना की सूचना मिलते ही सीएचसी अधीक्षक डॉ. शमीम अख्तर ने चिकित्सकीय टीम के साथ तत्काल उपचार शुरू कराया।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. शमीम अख्तर ने बताया कि दोनों घायलों को सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई थीं तथा अत्यधिक रक्तस्राव भी हुआ था। हालांकि समय पर प्राथमिक उपचार और चिकित्सा सुविधा मिलने से दोनों मरीज अब खतरे से बाहर हैं। उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है और डॉक्टरों की निगरानी में इलाज जारी है।
विष्णुकांत ओझा के परिजन अस्पताल पहुंच गए हैं। वहीं, दूसरा घायल युवक, जिसे भटौती गांव का निवासी बताया जा रहा है, नशे की हालत में होने के कारण अपने परिजनों और पते की सही जानकारी नहीं दे पा रहा है।
घटना को लेकर समाजसेवी अजयकांत ओझा ने प्रशासन से नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि ऐसे लापरवाह और नशे में धुत वाहन चालकों के कारण निर्दोष लोगों की जान खतरे में पड़ रही है। पुलिस को मामले की सूचना दे दी गई है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
