बढ़े हुए बिजली बिल, बार-बार बिजली कटौती एवं स्मार्ट मीटर में अधिक रीडिंग की समस्या को लेकर जन आक्रोश –
जिला कांग्रेस कमेटी सिंगरौली ग्रामीण के महामंत्री धर्मेन्द्र दुबे ने क्षेत्र में बढ़े हुए बिजली बिल, लगातार हो रही बिजली कटौती तथा स्मार्ट मीटर में अधिक रीडिंग दर्ज होने की समस्याओं को लेकर गहरी चिंता एवं आक्रोश व्यक्त किया है।
उन्होंने कहा कि पिछले कुछ समय से उपभोक्ताओं को अत्यधिक बढ़े हुए बिजली बिल प्राप्त हो रहे हैं, जो उनकी वास्तविक खपत से कहीं अधिक हैं। इसके साथ ही बिना किसी पूर्व सूचना के हो रही बिजली कटौती से आम जनता, व्यापारी वर्ग एवं विद्यार्थियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
महामंत्री धर्मेंद्र दुबे ने विशेष रूप से स्मार्ट मीटर की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि कई उपभोक्ताओं की शिकायत है कि मीटर वास्तविक उपयोग से अधिक यूनिट दर्ज कर रहे हैं, जिससे उन पर अनावश्यक आर्थिक बोझ पड़ रहा है।
इस संबंध में उन्होंने विद्युत विभाग से निम्नलिखित मांगें की हैं—
1.बढ़े हुए बिजली बिलों की निष्पक्ष जांच कर उपभोक्ताओं को राहत दी जाए।
2.स्मार्ट मीटर की तकनीकी जांच कर दोषपूर्ण मीटरों को तत्काल बदला जाए।
3.बिजली कटौती पर नियंत्रण कर नियमित एवं निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
4.उपभोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु विशेष हेल्पलाइन एवं शिविर आयोजित किए जाएं।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही इन समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो आम जनता के साथ जिला कांग्रेस कमेटी सिंगरौली ग्रामीण आंदोलन के लिए बाध्य होगी, जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी।
धर्मेन्द्र दुबे
महामंत्री
जिला कांग्रेस कमेटी सिंगरौली ग्रामीण
