शासकीय महाविद्यालय देवसर में पीजी कक्षाएं शुरू करने की मांग, छात्रों की सुविधा का उठाया मुद्दा
देवसर। यूथ कांग्रेस के युवा समाजसेवी नेता प्रज्ञान चतुर्वेदी ने शासकीय महाविद्यालय देवसर में सत्र 2026-27 से स्नातकोत्तर (पीजी) कक्षाओं का संचालन प्रारंभ करने की मांग उठाई है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए दूर-दराज के शहरों में जाना पड़ता है, जिससे उन्हें आर्थिक, सामाजिक और मानसिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
प्रज्ञान चतुर्वेदी ने बताया कि संसाधनों की कमी के कारण कई प्रतिभाशाली छात्र-छात्राएं स्नातक के बाद आगे की पढ़ाई जारी नहीं रख पाते। विशेष रूप से ग्रामीण पृष्ठभूमि से आने वाले विद्यार्थियों और छात्राओं के लिए बाहर जाकर पढ़ाई करना मुश्किल होता है, जिससे उनकी शिक्षा बीच में ही रुक जाती है।
उन्होंने कहा कि शासकीय महाविद्यालय देवसर में बड़ी संख्या में छात्राएं अध्ययनरत हैं। साथ ही अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति वर्ग के विद्यार्थियों की भी उल्लेखनीय भागीदारी है। देवसर क्षेत्र अपेक्षाकृत पिछड़ा होने के कारण यहां स्नातकोत्तर कक्षाओं का संचालन अत्यंत आवश्यक है, जिससे इन वर्गों के विद्यार्थियों को स्थानीय स्तर पर ही उच्च शिक्षा का अवसर मिल सके।
उन्होंने शासन और उच्च शिक्षा विभाग से मांग की है कि महाविद्यालय में विभिन्न विषयों में पीजी कक्षाएं प्रारंभ की जाएं, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध हो सके।
प्रज्ञान चतुर्वेदी ने कहा कि वे छात्रहित से जुड़े मुद्दों को लेकर लगातार सक्रिय हैं। यदि शीघ्र ही इस दिशा में ठोस निर्णय नहीं लिया गया, तो क्षेत्र के विद्यार्थियों के साथ मिलकर आंदोलन किया जाएगा।
