एसडीएम ने कहा जांच कराकर अति शीघ्र करेंगे निराकरण
सिंगरौली। वरगवां तहसील के ग्राम डगा–गड़ेरिया की चर्चित शासकीय भूमि विवाद मामले में अब बड़ा खुलासा सामने आया है। एक ही प्रकरण में उपखंड कार्यालय से दो अलग-अलग आदेश निकलने से पूरे राजस्व अमले में हड़कंप मच गया है और मामला सवालों के घेरे में आ गया है।
बताया जा रहा है कि गड़ेरिया ग्राम की खसरा नंबर 8 की शासकीय भूमि पर अतिक्रमण को लेकर वरगवां तहसील कार्यालय द्वारा पहले ही बेदखली आदेश जारी किया जा चुका था। इसके खिलाफ संबंधित भू कारोबारी ने एसडीएम न्यायालय देवसर में अपील की, जिसे खारिज करते हुए तहसील का आदेश यथावत रखा गया। यानी स्थिति साफ थी कि बेदखली की कार्रवाई होनी है
अचानक प्रकट हुआ स्टे आर्डर सवालों के घेरे में
मामले ने तब नया मोड़ ले लिया जब अचानक एक स्टे आदेश
सामने आ गया। बताया जाता है कि यह स्थगन आदेश दिसंबर माह में जारी हुआ था, लेकिन अब तक फाइलों में दबा रहा। जैसे ही बेदखली की कार्रवाई शुरू होने वाली थी, यह आदेश अचानक अधिकारियों के मोबाइल तक पहुंच गया, जिससे पूरे मामले पर संदेह गहरा गया है।
राजस्व अमला भी रहा अनजान
हैरानी की बात यह है कि इस स्टे आदेश की जानकारी राजस्व विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों तक को नहीं थी। बेदखली की तैयारी चल रही थी और विभाग स्वयं इस कार्रवाई की पुष्टि कर चुका था। ऐसे में अचानक सामने आए इस आदेश ने पूरी प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
एसडीएम ने लिया संज्ञान
मामले की जानकारी मिलने पर एसडीएम देवसर ने गंभीरता दिखाते हुए दोनों आदेशों का परीक्षण शुरू कर दिया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि शासकीय भूमि पर अतिक्रमण पाया गया है तो बेदखली की कार्रवाई हर हाल में की जाएगी। साथ ही एक ही प्रकरण में दो अलग-अलग आदेश जारी होना गंभीर विषय है जिसकी जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।
जांच में होगा बड़ा खुलासा
अब इस पूरे मामले में उच्च स्तरीय जांच की मांग की जा रही है क्योंकि एक ही प्रकरण में दो आदेश कैसे जारी हुए, और स्टे आदेश इतने दिनों तक छुपा क्यों रहा फिलहाल जांच में बहुत बड़ा खुलासा होने की संभावना है
