खुले में मांस बेचने वालों पर नगर निगम की सख्त कार्रवाई
एमसीएम टॉकीज व मीट मंडी क्षेत्र में की गई चालानी कार्रवाई
सिंगरौली, 26 मार्च।नगर पालिक निगम सिंगरौली की आयुक्त सविता प्रधान के निर्देश पर शहर में स्वच्छता एवं खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नगर निगम एवं पुलिस की संयुक्त टीम ने औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान एमसीएम टॉकीज के पास तथा मीट मंडी क्षेत्र में खुले में मांस विक्रय कर रहे कई दुकानदारों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की गई। टीम ने मौके पर ही नियमों का उल्लंघन करने वाले विक्रेताओं से जुर्माना वसूला।
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार निरीक्षण के दौरान पाया गया कि कुछ विक्रेता मांस को बिना ढके खुले में प्रदर्शित कर रहे थे, जिससे स्वच्छता नियमों एवं खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन हो रहा था। ऐसे मामलों में निगम द्वारा तत्काल दंडात्मक कार्रवाई की गई।
नगर निगम आयुक्त सविता प्रधान ने कहा कि शहर में स्वच्छता बनाए रखना और नागरिकों को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना निगम प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि खुले में मांस विक्रय किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी।
