कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला टास्क फोर्स समिति की बैठक आयोजित
राजस्व , पुलिस एवं वन अमला अवैध खनन ,परिवहन एवं भण्डारण के प्रभारी रोकथाम हेतु करे सख्त कार्रवाहीः-गौरव बैनल
सोन घड़ियाल अभ्यारण क्षेत्र से रेत के अवैध परिवहन करने वाले वाहनो को करे राजसात
सिंगरौली । कलेक्टर गौरव बैनल के अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक श्री मनीष खत्री के उपस्थिति में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला टास्क फोर्स समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक के दौरान जिले में अवैध खनन एवं खनिज के अवैध परिवहन एवं भण्डारण पर प्रभावी रोकथाम हेतु राजस्व एवं पुलिस एवं वन विभाग के अधिकारियो को निर्देश दिए गए कि अवैध खनन की गतिविधियों में संलिप्त भू माफियो के विरूद्ध सख्त कार्रवाही करे। उन्होने निर्देश दिए कि राजस्व, खनिज, पुलिस एवं वन विभाग की संयुक्त टीमें संवेदनशील क्षेत्रो को निर्धारण कर नियमित और छापेमारी की कार्रवाही करे। साथ ही यह भी निर्देश दिए कि इन कार्रवाहियों में संबंधित क्षेत्र के उपखण्ड अधिकारी को सक्रिया भूमिका रहेगी।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि खनिज एवं परिवहन विभाग राजस्व विभाग, पुलिस, तथा वन विभाग के अमले के साथ आपसी समन्वय बनाकर खनिजो का अवैध परिवहन करते मिलने वाले वाहनो को तत्काल जप्त कर उनके विरूद्ध नियमानुसार कार्रवाही करे। कलेक्टर ने सख्त निर्देश देते हुयें कहा कि संबंधित विभाग को अवैध खनन के रोकथाम हेतु ज्यादा से ज्यादा कार्रवाही करने की आवश्यकता है ताकि खनिजो के अवैध उत्खनन सहित भण्डारण एवं परिवहन पर प्रभावी रोकथाम लगाया जा सके। बैठक मे पुलिस अधीक्षक ने कहा कि कार्रवाही हेतु पुलिस बल द्वारा पूरा सहयोग दिया जायेगा। उन्होने कहा कि ऐसे मामलो में रात्रि के समय संवेदनशील क्षेत्रो में औचक कार्रवाही करने की आवश्यकता है। उन्होने निर्देश दिए कि खनिजो का परिवहन कर रहे वाहनो का ट्राजिंट पास एवं समय की परिवहन विभाग नियमित जॉच करे। बैठक के दौरान कलेक्टर ने सोन घड़ियाल अभ्यारण में होने वाले अवैध खनन की जानकरी प्राप्त करने पश्चात कहा कि कहा कि अवैध खनन से न केवल सरकारी राजस्व की हानि होती है बल्कि पर्यावरण को भी गंभीर क्षति होती है। इसे मद्दे नजर रखते हुयें उन्होने निर्देश दिए कि सोन घड़ियाल अभ्यारण क्षेत्र में अवैध खनन को रोकने के लिए अभ्यारण से संबंधित अधिकारी संयुक्त दल के साथ लगातार कार्रवाही करे। बैठक के दौरान एसडीएम सिंगरौली सुरेश जाधव, एसडीएम माड़ा नंदन तिवारी, एसडीएम चितरंगी देवेन्द्र द्विवेदी, जिला परिवहन अधिकारी बिक्रम सिंह राठौर, खनिज अधिकारी आकांक्षा पटेल, एसडीओ वन विभाग नरेन्द्र त्रिपाठी, तहसीलदार ऋषि नारायण सिंह, एसडीओ सोन घड़ियाल प्रमोद सिंह, खनिज निरीक्षक अशोक मिश्रा, सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
