सिंगरौली। शुक्रवार को जिले में भोर से ही बारिश का जो क्रम शुरू हुआ, वह दिनभर रुक-रुक कर बना रहा। भोर में करीब 4 बजे से लेकर दोपहर तक लगातार होता रहा 2-3 बार कुछ-कुछ देर के लिए तेज वर्षा परिक्षेत्र में अलग-अलग जगहों पर हुई। गुरुवार शाम को परिक्षेत्र में पहले कुछ देर बारिश हुई और फिर रिमझिम रिमझिम बूंदाबांदी का जो दौर शुरू हुआ, वह देर रात तक रुक-रुक कर बना रहा। वहीं, दूसरी ओर मौसम केन्द्र भोपाल ने जिले में शुक्रवार, शनिवार को भी अति भारी वर्षा का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। जिसमें अति भारी वर्षा के साथ वज्रपात का भी अलर्ट है। इस अलर्ट में सिंगरौली के साथ शहडोल, उमरिया, डिंडोरी, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, बालाघाट और पांढुर्णा जिले भी शामिल हैं।
ज़्यादा समय तक हुई बारिश से मौसम हुआ सुहाना
शुक्रवार को अधिकांश समय बने बारिश के क्रम से मौसम भी सुहाना बना रहा। अन्य दिनों के मुकाबले उमस में भी काफी गिरावट होने से लोगों ने भी राहत महसूस की। वहीं, मौसम सुहाना होने से कुछ लोग और खासकर बच्चे बारिश में भीगने का भी लुत्फ उठाते रहे।
जिले में अब तक हुई 48.5 इंच वर्षा
वर्षा की जानकारी दर्ज करने वाले कलेक्ट्रेट के भू-अभिलेख शाखा के द्वारा गुरुवार की सुबह 8.30 बजे तक जिले में पिछले घंटे में औसतन 0.8 इंच (21.7 एमएम) वर्षा दर्ज की गई है। जिसमें सर्वाधिक वर्षा देवसर में 47.8 एमएम दर्ज हुई। जबकि सरई में 22.4 एमएम वर्षा दर्ज हुई, जो अब तक में सरई में एक दिन सर्वाधिक वर्षा भी है। वहीं, जिले में गुरुवार की सुबह तक में कुल औसत वर्षा 11.5 इंच (293.8 एमएम) हो चुकी है। बता दें कि जिले की कुल औसत वर्षा 48.5 इंच (1232.1 एमएम) है।
