Unidentified miscreants attacked a young man and cut off his tongue, leaving him in critical condition.
मेजा क्षेत्र के कुंवरपट्टी गांव की गोशाला में रात को वारदात, बेहोशी की हालत में छोड़कर फरार हुए हमलावर—पुलिस जांच में जुटी
संवाददाता आलोपी शंकर शर्मा
Meja Prayagraj मेजा प्रयागराज :- जनपद के मेजा थाना क्षेत्र में अपराधियों की बर्बरता ने इंसानियत को शर्मसार कर दिया। जवनिया चौकी अंतर्गत कुंवरपट्टी गांव स्थित एक गोशाला में गोवंश देखने गए युवक पर अज्ञात बदमाशों ने जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने युवक को बेरहमी से पीटा और उसकी जीभ काट डाली, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।
रात में गोशाला गया था युवक-
पीड़ित की पहचान जीवनराम उर्फ रमा के रूप में हुई है। पीड़ित के भाई राम मुनेर मिश्रा ने मेजा पुलिस को दी तहरीर में बताया कि रविवार रात जीवनराम गोशाला में गोवंशों को देखने गया था। इसी दौरान वहां पहले से घात लगाए अज्ञात बदमाशों ने उस पर हमला बोल दिया।

बेहोशी की हालत में छोड़कर फरार-
हमलावरों ने जीवनराम को गंभीर रूप से घायल कर उसकी जीभ काट दी और उसे बेहोशी की अवस्था में घटनास्थल पर छोड़कर फरार हो गए। वारदात के बाद देर रात तक किसी को घटना की जानकारी नहीं हो सकी।
सुबह ग्रामीणों ने दी सूचना-
सोमवार सुबह ग्रामीणों ने जीवनराम को लहूलुहान और बेहोशी की हालत में पड़ा देखा, जिसके बाद तत्काल उसके परिजनों को सूचना दी गई। खबर मिलते ही परिवार में हड़कंप मच गया।
शहर के अस्पताल में भर्ती, हालत नाज़ुक-
स्वजन आनन-फानन में घायल युवक को इलाज के लिए शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराए, जहां डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत गंभीर और नाज़ुक बनी हुई है।
पुलिस पर कार्रवाई का दबाव-
पीड़ित के भाई राम मुनेर मिश्रा ने मेजा पुलिस को अज्ञात बदमाशों के खिलाफ तहरीर देकर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
इलाके में दहशत का माहौल-
इस जघन्य वारदात के बाद कुंवरपट्टी गांव और आसपास के क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
