A blood-soaked body in Dagdaua reveals the layers of murder; an ambulance driver was brutally murdered.
रीवा जाने की बात कहकर निकला सतना का युवक साथियों संग बाइक से रवाना, अगले दिन सड़क किनारे मिला शव; चेहरे पर धारदार हथियार के निशान, साइबर सेल की मदद से जांच तेज
संवाददाता मुस्ताक अहमद
Crime Mauganj मऊगंज जनपद :- मऊगंज थाना क्षेत्र के डगडौआ गांव के पास सड़क किनारे मिले खून से सने युवक के शव ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। पुलिस जांच में मृतक की पहचान सतना जिले के टिकुरिया टोला निवासी लाला उर्फ सुधीर दहिया के रूप में हुई है, जो जिला अस्पताल सतना में एक निजी एंबुलेंस चालक के तौर पर कार्यरत था। शव पर, विशेषकर चेहरे पर, धारदार हथियार से किए गए गहरे वार इस ओर साफ इशारा कर रहे हैं कि युवक की निर्दयतापूर्वक हत्या की गई है।
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार सुधीर 29 दिसंबर को घर से रीवा जाने की बात कहकर निकला था। उसी शाम उसकी मुलाकात चोरहटा बायपास पर अपने जीजा से हुई। इसके बाद वह रतहरा बायपास पहुंचा, जहां उसने अपने दो साथियों से मुलाकात की। तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर कहीं जाने के लिए निकले, लेकिन उसके बाद सुधीर का मोबाइल बंद हो गया और संपर्क टूट गया।

अगले दिन 30 दिसंबर की सुबह डगडौआ गांव के पास सड़क किनारे एक युवक का शव मिलने की सूचना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची मऊगंज पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पहचान की प्रक्रिया शुरू की। सूचना मिलने पर मृतक के पिता रमेश दहिया मौके पर पहुंचे और शव की शिनाख्त अपने बेटे सुधीर के रूप में की।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक जिस तरह से शव पर चोटों के निशान पाए गए हैं, उससे यह स्पष्ट है कि हत्या सुनियोजित तरीके से की गई है। पुलिस ने पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिससे मौत के कारणों पर और स्पष्टता आएगी।
इस सनसनीखेज हत्याकांड को लेकर एसडीओपी सची पाठक ने 31 दिसंबर की शाम करीब 5 बजे बताया कि मृतक के साथ अंतिम बार देखे गए दोनों साथियों की तलाश तेज कर दी गई है। कॉल डिटेल, लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर साइबर सेल की मदद से जांच आगे बढ़ाई जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस जघन्य हत्याकांड का खुलासा कर दोषियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
घटना के बाद से मृतक के परिजनों में मातम पसरा हुआ है, वहीं क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। पुलिस की कार्रवाई पर अब सभी की नजरें टिकी हुई हैं।
