Respect for Arkvanshi community is paramount: Memorandum submitted to Lok Sabha Speaker against derogatory statement
मिश्रिख सांसद के बयान से आहत अर्कवंशी समाज, संसद की कार्यवाही से टिप्पणी हटाने और भविष्य में सख्त नियम बनाने की मांग
ब्यूरो – अंशु वर्मा
Gola Lakhimpurnews गोला गोकर्णनाथ (लखीमपुर खीरी)। अखिल भारतीय अर्कवंशी क्षत्रिय महासंघ ट्रस्ट भारत के बैनर तले अर्कवंशी समाज ने अपने आराध्य और कुल गौरव के इतिहास से कथित छेड़छाड़ व अपमानजनक टिप्पणी के विरोध में एकजुट होकर आवाज बुलंद की। महिला जिलाध्यक्ष लखीमपुर खीरी श्रीमती एच. डी. सिंह अर्कवंशी के नेतृत्व में समाज के लोगों ने उप जिलाधिकारी गोला के माध्यम से संसद के लोकसभा अध्यक्ष माननीय ओम बिड़ला को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में बताया गया कि हाल ही में संसद के शीतकालीन सत्र के दौरान लोक महत्व के मुद्दे पर चर्चा के समय उत्तर प्रदेश के मिश्रिख लोकसभा सांसद अशोक रावत द्वारा संडीला संस्थापक एवं अर्कवंशी समाज के कुल गौरव महाराजा सल्हीय सिंह अर्कवंशी के इतिहास से जानबूझकर छेड़छाड़ की गई। समाज का आरोप है कि सांसद द्वारा किए गए अशोभनीय, अमर्यादित शब्दों के प्रयोग और उन्हें दूसरी जाति से जोड़कर प्रस्तुत करने से अर्कवंशी समाज की भावनाएं आहत हुई हैं, जो निंदनीय और अस्वीकार्य है।
अर्कवंशी समाज ने ज्ञापन के माध्यम से मांग की है कि सांसद के उक्त बयान को संसद की कार्यवाही से हटाया जाए, ताकि समाज के सम्मान की रक्षा हो सके। साथ ही, श्रीमती एच. डी. सिंह अर्कवंशी ने लोकसभा अध्यक्ष को सुझाव दिया कि भविष्य में सदन में इस प्रकार के गैर-जिम्मेदाराना और समाज को बांटने वाले बयानों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सख्त नियम बनाए जाएं, जिससे जातीय वैमनस्य और आपसी टकराव की स्थिति उत्पन्न न हो।
ज्ञापन में इस बात पर भी जोर दिया गया कि समाज में आपसी प्रेम, सद्भाव और भाईचारा बना रहना चाहिए, क्योंकि सभी भारतीय हैं और राष्ट्र सर्वोपरि है। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में अर्कवंशी समाज के लोग मौजूद रहे और उन्होंने एक स्वर में समाज के सम्मान की रक्षा के लिए शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।
उपस्थित प्रमुख लोग:
ज्ञापन सौंपने वालों में श्रीमती एच. डी. सिंह अर्कवंशी के साथ सविता सिंह अर्कवंशी, भावना अर्कवंशी, आरती अर्कवंशी, एडवोकेट आनंद सिंह अर्कवंशी, दीपक सिंह रघुनायक अर्कवंशी, बबलू सिंह अर्कवंशी, रिंकू अर्कवंशी, सुभाष कुमार अर्कवंशी, संजय अर्कवंशी, एडवोकेट सरवन सिंह अर्कवंशी, रमाशंकर अर्कवंशी, एडवोकेट मनोज सिंह, सत्यदेव कुमार सिंह अर्कवंशी, विपिन अर्कवंशी, शिवपाल सिंह, निर्मल सिंह अर्कवंशी, दिनेश सिंह, दीपक सिंह अर्कवंशी, भानू सिंह अर्कवंशी सहित बड़ी संख्या में अर्कवंशी समाज के लोग उपस्थित रहे।
