A farmer who went to buy fertilizer in Meja Uruwa was publicly beaten and thrown to the ground for refusing to pay.
पत्नी की तहरीर पर तीन आरोपियों के खिलाफ FIR, लेहड़ी चौराहे की घटना से इलाके में आक्रोश
संवाददाता आलोपी शंकर शर्मा
Meja Prayagraj मेजा, प्रयागराज।- मेजा थाना क्षेत्र के लेहड़ी चौराहे पर गुरुवार को खाद लेने गए एक व्यक्ति के साथ सरेआम मारपीट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। जब पीड़ित ने जबरन पैसे देने से इनकार किया तो दबंगों ने उसे जमीन पर गिराकर लात-घूसों से पीटा और जान से मारने की धमकी दी। इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
पीड़ित की पहचान राजेंद्र प्रसाद भारतीया, निवासी लेहड़ी के रूप में हुई है। शिकायत के अनुसार राजेंद्र प्रसाद गुरुवार को लेहड़ी चौराहे पर यूरिया खाद लेने पहुंचे थे। उसी दौरान सोनू भारतीया पुत्र राम लाल भारतीया तथा उसके दो अज्ञात साथियों ने उनसे जबरन 100 रुपये की मांग की।
जब राजेंद्र प्रसाद ने पैसे देने से साफ इनकार कर दिया, तो आरोपियों ने उन्हें गालियां देना शुरू कर दिया। विरोध करने पर तीनों आरोपियों ने राजेंद्र प्रसाद को धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया और बेरहमी से लात-घूसों से पिटाई कर दी। मारपीट के दौरान आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी। इस हमले में राजेंद्र प्रसाद के शरीर के कई हिस्सों में चोटें आई हैं।
घटना की जानकारी मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और घायल को घर ले गए। इसके बाद पीड़ित की पत्नी धनराजी देवी ने मेजा थाने पहुंचकर पूरे मामले की लिखित शिकायत दी। तहरीर में उन्होंने आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और पति का चिकित्सीय परीक्षण कराने की मांग की।
पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर शुक्रवार दोपहर करीब 1 बजे संबंधित धाराओं में तीन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है।
दिनदहाड़े खाद लेने गए व्यक्ति के साथ हुई इस घटना ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
