The road to the hospital became the final journey: A young man died tragically after his bike collided with a tree in Koraon.
खजुरी खुर्द के पास अनियंत्रित होकर महुआ के पेड़ से भिड़ी बाइक, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
संवाददाता: सुरेश चंद्र मिश्रा
Korav Prayagraj कोरांव, प्रयागराज।- कोरांव थाना क्षेत्र के खजुरी खुर्द गांव में शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। निजी अस्पताल जा रहे 50 वर्षीय युवक की बाइक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े महुआ के पेड़ से जा टकराई, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। यह हादसा कोरांव–देवघाट मुख्य मार्ग पर हुआ।
मृतक की पहचान जय सिंह, निवासी बलापुर थाना कोरांव के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार जय सिंह अपने घर से कोरांव बाजार स्थित एक निजी अस्पताल जा रहे थे, जहां उनके परिवार के एक सदस्य का इलाज चल रहा था। किसी को अंदेशा नहीं था कि इलाज के लिए निकले जय सिंह की यह यात्रा उनकी अंतिम यात्रा बन जाएगी।
खजुरी खुर्द गांव के पास मुख्य मार्ग पर पहुंचते ही उनकी बाइक अचानक असंतुलित हो गई और तेज रफ्तार में सड़क किनारे लगे महुआ के पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि जय सिंह की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही कोरांव पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर अवस्था में जय सिंह को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोरांव ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जय सिंह अपने तीन भाइयों में सबसे बड़े थे। उनके परिवार में पत्नी कमला देवी, दो पुत्र विनय कुमार सिंह और दीपक सिंह हैं। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
स्थानीय लोगों ने बताया कि इस मार्ग पर आए दिन हादसे होते रहते हैं। सड़क किनारे लगे पेड़ों और तेज रफ्तार वाहनों के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम और आवश्यक चेतावनी संकेत लगाने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
