सिविल लाइंस बस अड्डे के पुनर्विकास ने बदली व्यवस्था—यात्रियों की सुविधा के लिए अस्थायी बस स्टैंड तैयार, दो रूट वहीं से चलेंगे
संवाददाता आलोपी शंकर शर्मा
सादिका पवित्र, प्रयागराज।- प्रयागराज रोडवेज से सफर करने वाले यात्रियों के लिए आज से बड़ा बदलाव लागू हो गया है। रविवार, 30 नवंबर से सिविल लाइंस बस अड्डे से चलने वाली अधिकतर बसें अब सीएमपी डिग्री कॉलेज के सामने स्थित केपी ट्रस्ट मैदान से संचालित होंगी। इनमें लखनऊ, कानपुर, अयोध्या, सुल्तानपुर, रायबरेली, प्रतापगढ़, फतेहपुर और कौशांबी के रूट शामिल हैं।
सिविल लाइंस बस अड्डे से अब केवल गोरखपुर और वाराणसी रूट की बसें ही चलेंगी।
बदलाव की वजह-
सिविल लाइंस बस अड्डे में चल रहे पुनर्विकास कार्य के कारण अंदर जगह अत्यंत सीमित हो गई थी। बसें महात्मा गांधी मार्ग पर सड़क किनारे खड़ी होने लगी थीं, जिसके चलते अक्सर जाम लग जाता था। यात्रियों की परेशानी को देखते हुए परिवहन निगम ने संचालन स्थल को अस्थायी रूप से बदलने का निर्णय लिया।
अस्थायी बस अड्डा तैयार-
क्षेत्रीय प्रबंधक रविंद्र कुमार सिंह के अनुसार, विद्या वाहिनी स्कूल के पास स्थित मैदान को अस्थायी बस स्टैंड के रूप में विकसित कर दिया गया है। यहां—
इंटरलाकिंग टाइल्स, अस्थायी शेड, शौचालय, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, अनाउंसमेंट सिस्टम
जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करा दी गई हैं। कुछ कार्य बाकी हैं, लेकिन बस संचालन में कोई बाधा नहीं होगी।
यात्रियों को मिलेगी राहत-
नया अस्थायी बस स्टैंड सिविल लाइंस से कुछ ही दूरी पर है, जिससे यात्रियों को स्थान बदलने में अधिक दिक्कत नहीं होगी। इसके अलावा कानपुर और कौशांबी रूट की चुनिंदा बसें लीडर रोड (प्रयागराज जंक्शन) से भी मिल सकेंगी, जिससे रेलवे यात्रियों को लाभ होगा।
रोडवेज अधिकारियों ने बताया कि नया सिविल लाइंस बस अड्डा बनने तक यह व्यवस्था लागू रहेगी। नया बस अड्डा तैयार होने के बाद यात्रियों को उन्नत और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
जरूरी संपर्क नंबर
रोडवेज कंट्रोल रूम: 9415049606
रोडवेज हेल्पलाइन: 18001802827
