An old rivalry in Prayagraj’s Manda district escalated into violence, with residents breaking into homes and assaulting others.
उमान गांव की घटना से फैली दहशत, महिला समेत कई घायल; पांच नामजद आरोपियों पर FIR, सभी फरार
संवाददाता आलोपी शंकर शर्मा
Manda Prayagraj Crime news मांडा (प्रयागराज)।- मांडा थाना क्षेत्र के उमान गांव में शनिवार देर रात पुरानी रंजिश ने हिंसक रूप ले लिया। दबंगों ने एक परिवार के घर में जबरन घुसकर जमकर तोड़फोड़ की और विरोध करने पर महिलाओं व परिजनों के साथ बेरहमी से मारपीट की। इस घटना में एक युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि अन्य सदस्य घायल हुए हैं। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है, लेकिन सभी आरोपी घटना के बाद से फरार हैं।
उमान गांव निवासी लाल जी ने मांडा थाने में दी गई तहरीर में बताया कि शनिवार रात पुरानी रंजिश के चलते गांव के ही कुछ लोग उनके घर में जबरन घुस आए। आरोप है कि हमलावरों ने आते ही गाली-गलौज शुरू कर दी और घर में रखा सामान तोड़ डाला। विरोध करने पर परिवार के साथ मारपीट की गई।
पीड़ित की पत्नी रमई देवी ने आरोप लगाया कि शिवांशु सिंह और हर्षित सिंह (पुत्र प्रमोद सिंह), लाल प्रताप (पुत्र राकेश), संजीव बिन्द (पुत्र श्याम बाबू) और समीर अली (पुत्र गुलाब अब्बास) ने मिलकर हमला किया। रमई देवी के अनुसार, आरोपियों ने उन्हें और उनके परिजनों को पीटा तथा जान से मारने की धमकी भी दी। मारपीट में उनके बेटे की हालत गंभीर हो गई, जिसे इलाज के लिए भेजा गया है।
घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि आरोपी खुलेआम धमकी देकर फरार हो गए, जिससे परिवार खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है।
इस मामले में डिघिया चौकी प्रभारी विक्की गुप्ता ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर रविवार दोपहर करीब दो बजे पांचों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।
घटना ने एक बार फिर ग्रामीण इलाकों में पुरानी रंजिश के चलते बढ़ती हिंसा और कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
