Police crack down on the Gola-Bakeganj Road robbery, arrest five criminals – 2.5 lakh rupees robbery uncovered
एसपी संकल्प शर्मा के निर्देशन में बड़ी कार्रवाई, लूट में प्रयुक्त कार, नकदी, तमंचा और कूपन बरामद
ब्यूरो अंशु वर्मा
Lakhimpur Gola- लखीमपुर खीरी।- जनपद में अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत लखीमपुर खीरी पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। गोला–बाकेगंज रोड पर हुई ढाई लाख रुपये की लूट की घटना का पुलिस ने सफल अनावरण करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक संकल्प शर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध विरोधी अभियान के अंतर्गत यह कार्रवाई थाना हैदराबाद पुलिस, स्वाट टीम एवं सर्विलांस टीम के संयुक्त प्रयास से की गई।
अपर पुलिस अधीक्षक अमित कुमार राय के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी रमेश कुमार तिवारी के मार्गदर्शन में थानाध्यक्ष सुनील मलिक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह सफलता हासिल की।
गौरतलब है कि 19 जनवरी 2026 को गोला–बाकेगंज रोड पर व्यापारी राजेन्द्र अग्रवाल से मारपीट कर बदमाशों ने ढाई लाख रुपये से भरा बैग लूट लिया था। घटना के बाद से पुलिस लगातार बदमाशों की तलाश में जुटी हुई थी।
पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज और सटीक मुखबिर तंत्र के आधार पर लूटकांड का पर्दाफाश करते हुए आरोपियों को धर दबोचा।
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने लूट में प्रयुक्त मारुति एस-प्रेसो कार, ₹1,09,800 नकद, डंडे, तमंचा 315 बोर, दो जिंदा कारतूस, दुकान से संबंधित नकद कूपन तथा वादी का आधार कार्ड की प्रति बरामद की है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम —
अंकित गुप्ता, हरिओम गुप्ता, आकाश वाल्मिकी, विकास उर्फ लालू कसाना और अमान बताए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, इस घटना को अंजाम देने में फरार आरोपी अंकुर गुर्जर और पियूष बैंसला की भी भूमिका रही है, जिनकी तलाश की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में कई अहम जानकारियां मिली हैं और गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
इस कार्रवाई से साफ है कि लखीमपुर खीरी पुलिस अपराधियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाए हुए है और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार प्रभावी कदम उठा रही है।
