In Meja, a minor girl was lured away by her lover and the police recovered her.
परिवार का परिचित युवक बताकर मिर्जापुर ले गया था किशोरी को, पिता की शिकायत पर दर्ज हुई एफआईआर, आरोपी के खिलाफ कार्रवाई शुरू
संवाददाता नीरज कुमार शर्मा
Meja Crime Update प्रयागराज (मेजा)।:- मेजा थाना क्षेत्र से एक नाबालिग किशोरी को कथित प्रेमी बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित पिता की तहरीर पर पुलिस ने नामजद एफआईआर दर्ज कर किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया है, जबकि आरोपी युवक के खिलाफ अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
घटना गुरुवार सुबह करीब 5 से 6 बजे के बीच की बताई जा रही है। मेजा क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति की 16 वर्षीय बेटी को राम बहादुर पटेल नामक युवक अपने साथ लेकर फरार हो गया। बताया जा रहा है कि राम बहादुर पटेल मिर्जापुर जिले के लालगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत पचोखर (बैरहट) गांव का रहने वाला है और पीड़ित परिवार का परिचित भी था।

फोन पर बातचीत कर प्रेमजाल में फंसाया-
पीड़ित पिता ने शिकायत में बताया कि आरोपी युवक उनकी बेटी से चोरी-छिपे मोबाइल फोन पर बातचीत करता था और उसे बहला-फुसलाकर अपने प्रेमजाल में फंसा लिया। घटना वाले दिन किशोरी काफी देर तक घर नहीं लौटी तो उसकी मां को संदेह हुआ और परिजनों को इसकी जानकारी दी गई।
ग्रामीणों से पूछताछ करने पर पता चला कि उन्होंने किशोरी को एक युवक के साथ मोटरसाइकिल पर जाते देखा था। आशंका होने पर परिजन तत्काल मिर्जापुर स्थित आरोपी के घर पहुंचे, लेकिन वहां किशोरी और युवक दोनों नहीं मिले। आरोपी की मां ने भी किसी प्रकार की जानकारी देने से इनकार कर दिया।
पुलिस में दर्ज कराई गई शिकायत-
इसके बाद गुरुवार शाम पीड़ित पिता ने मेजा थाने पहुंचकर घटना की लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू की और शुक्रवार दोपहर आरोपी के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज कर किशोरी की तलाश तेज कर दी।
पुलिस ने किशोरी को किया बरामद-
पुलिस टीम ने दबिश देकर किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पीड़ित पिता ने अपनी बेटी को सुरक्षित वापस दिलाने और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
थाना प्रभारी का बयान-
इस संबंध में मेजा थाना प्रभारी दीनदयाल सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर आरोपी युवक के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। किशोरी को बरामद कर लिया गया है और आरोपी के विरुद्ध नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।
