Manda road accident: Another teenager dies during treatment, village mourns the loss of two bright lights of the same family
ट्रैक्टर की टक्कर से घायल अंकित पांडेय ने दिल्ली एम्स में तोड़ा दम, पहले ही जा चुके थे चचेरे भाई अभिषेक
संवाददाता आलोपी शंकर शर्मा
Meja Manda Accident news:- प्रयागराज जनपद के मांडा थाना क्षेत्र में हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने एक ही परिवार की खुशियां उजाड़ दीं। इस हादसे में गंभीर रूप से घायल दूसरे किशोर अंकित पांडेय (16) की बुधवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। इससे पहले इसी दुर्घटना में उसके चचेरे भाई अभिषेक पांडेय (15) की भी एक फरवरी को जान जा चुकी थी। दो किशोरों की मौत से गिरधरपुर गांव में कोहराम मचा हुआ है और हर आंख नम है।
यह हृदयविदारक हादसा बीते शनिवार रात करीब आठ बजे मांडाखास–हाटा मुख्य मार्ग पर बोधीपुर गांव के पास, बाबू फतेह बहादुर सिंह इंटर कॉलेज के नजदीक हुआ था। अभिषेक पांडेय अपने पिता को लेने बरौधा (मिर्जापुर) जा रहा था। उसी दौरान उसका चचेरा भाई अंकित पांडेय भी बाइक पर सवार था।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों किशोर उछलकर सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही मांडा पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से दोनों घायलों को एंबुलेंस के जरिए सीएचसी मांडा भेजा गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक होने पर उन्हें शहर के अस्पताल रेफर कर दिया गया।
इलाज के दौरान पहले अभिषेक पांडेय ने दम तोड़ दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल अंकित पांडेय को प्रयागराज के एक अस्पताल से दिल्ली एम्स ले जाया गया, जहां चार दिन तक चले संघर्ष के बाद बुधवार सुबह करीब आठ बजे उसने भी अंतिम सांस ली।
एक ही सड़क हादसे में चचेरे भाइयों की मौत से गिरधरपुर गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में सन्नाटा पसरा है और लोग इस दर्दनाक घटना से गहरे सदमे में हैं।
घटना को लेकर ग्रामीणों ने सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों और भारी वाहनों की आवाजाही पर भी सवाल उठाए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और ट्रैक्टर चालक की तलाश में जुटी है।
