400 एआई कैमरे, ड्रोन निगरानी और 5 हजार पुलिसकर्मी मैदान में; 17 अस्थायी थाने व 42 चौकियों से हर सेक्टर में चौकन्ना पहरा
संवाददाता – आलोपी शंकर शर्मा,
सादिका पवित्र / प्रयागराज (कुंभमेला)-
माघ मेला 2026 की भव्य तैयारियों के बीच सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन ने अभी से मोर्चा संभाल लिया है। हर दिन मेला क्षेत्र में डॉग स्क्वॉड और बम डिस्पोज़ल टीम संयुक्त रूप से चेकिंग अभियान चला रही हैं। पीपा पुलों, मुख्य मार्गों, घाटों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस की गहन तलाशी तेज़ कर दी गई है। मेला शुरू होने में अभी समय है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां पहले से ही मैदान में पूरी सक्रियता के साथ जुटी नजर आ रही हैं।
3 जनवरी 2026 से आरंभ होने वाले माघ मेले को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहले ही अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दे चुके हैं कि संतों, कल्पवासियों और करोड़ों श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्हीं निर्देशों के तहत प्रशासन सुरक्षा इंतज़ामों को चरणवार मजबूत कर रहा है।
हाई-टेक सुरक्षा कवच तैयार-
इस बार सुरक्षा व्यवस्था को और अभेद बनाने के लिए अत्याधुनिक तकनीक का व्यापक उपयोग किया जा रहा है। पूरे मेला क्षेत्र में 400 एआई-आधारित सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं, जो भीड़ के घनत्व, गतिशीलता और संदिग्ध गतिविधियों पर तुरंत अलर्ट भेजेंगे। आसमान से ड्रोन कैमरे लगातार निगरानी करते रहेंगे, जिससे पुलिस कंट्रोल रूम को वास्तविक समय में हर स्थिति की जानकारी मिलती रहेगी।
5 हजार पुलिसकर्मी तैनाती पर, एटीएस–एसटीएफ भी अलर्ट-
मेला क्षेत्र में करीब 5 हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। इनके साथ एटीएस, एसटीएफ, पीएसी, आरएफ और बाढ़ राहत दल भी चौकसी में सक्रिय रहेंगे। महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए बड़ी संख्या में महिला पुलिसकर्मियों को भी जिम्मेदारी सौंपी जा रही है।
17 अस्थायी थाने – 42 पुलिस चौकियां-
प्रशासन ने पूरे मेला क्षेत्र को सेक्टरों में बांटते हुए 17 अस्थायी थाने और 42 पुलिस चौकियों की स्थापना का निर्णय लिया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके और हर सेक्टर में सुरक्षा व्यवस्था निर्बाध रूप से चलती रहे।
लगातार पेट्रोलिंग, आधुनिक तकनीकी उपकरण, विशेष सुरक्षा बलों की मौजूदगी और कड़े प्रशासनिक नियंत्रण के साथ प्रयागराज प्रशासन माघ मेला 2026 को पूरी तरह सुरक्षित, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित बनाने के लिए हर स्तर पर जुटा हुआ है।
