भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों—बस स्टैंड, मुख्य बाजार और प्रमुख चौराहों पर अलाव की व्यवस्था अनिवार्य; रात में ठंड से बचाव के लिए रेन बसेरा तत्काल तैयार रखने के आदेश
संवाददाता- मुस्ताक अहमद
मऊगंज, 26 नवम्बर 2025 – कड़ाके की सर्दी से आमजन को राहत दिलाने के लिए मऊगंज कलेक्टर रंजन कुमार जैन सक्रिय मोड में आ गए हैं। जिले में तापमान में तेजी से गिरावट और बढ़ती ठिठुरन को देखते हुए कलेक्टर ने अलाव एवं रेन बसेरा की समुचित व्यवस्था तत्काल प्रभाव से सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश जारी किए हैं।
कलेक्टर कार्यालय द्वारा पत्र क्रमांक 703/स्टेनो/2025 के माध्यम से यह आदेश सभी संबंधित विभागों को भेजा गया है।
ठंड से सबसे अधिक प्रभावित गरीब व निराश्रित लोग—कलेक्टर ने जताई चिंता
कलेक्टर ने कहा कि जिले के कई हिस्सों में रात के तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है, जिससे गरीब, निर्धन, निराश्रित एवं खुले में रहने वाले लोगों के सामने गंभीर समस्या उत्पन्न हो सकती है। ऐसी स्थिति को देखते हुए प्रशासन की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है कि समय रहते राहत उपलब्ध कराई जाए।
इन स्थानों पर अलाव की व्यवस्था अनिवार्य
कलेक्टर जैन ने नगर परिषद और संबंधित अमले को निर्देशित किया है कि शहर एवं ग्रामीण इलाकों में भीड़भाड़ वाले स्थानों पर तत्काल अलाव की व्यवस्था शुरू की जाए। इनमें मुख्य रूप से—
मुख्य बाजार क्षेत्र – बस स्टैंड और यात्री प्रतीक्षालय, महत्वपूर्ण चौक-चौराहे,रात में सक्रिय रहने वाले सार्वजनिक स्थल
किसानों और यात्रियों की आवाजाही वाले प्रमुख स्थान
उन्होंने कहा कि जहां भी लोगों के रात में ठहरने या आवाजाही की संभावना हो, वहां अलाव की सुविधा हर हाल में उपलब्ध होनी चाहिए।
ठंड से बचाव हेतु रेन बसेरा तैयार रखने के निर्देश
सर्दी की तीव्रता को देखते हुए कलेक्टर ने नगर परिषद को विशेष निर्देश दिए कि सभी रेन बसेरा/नाइट शेल्टर पूरी तरह कार्यरत स्थिति में हों। इनके अंदर कंबल, रोशनी, साफ-सफाई और सुरक्षा की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि जरूरतमंद लोग बिना किसी परेशानी के सुरक्षित आश्रय पा सकें।
सभी विभागों को दायित्वसहित सख्त चेतावनी
कलेक्टर ने आदेश की प्रति निम्न विभागों को भेजते हुए तत्काल अनुपालन का निर्देश दिया—
नगर परिषद , पुलिस विभाग ,जिला पंचायत
उन्होंने कहा, “यह व्यवस्था सीधे जनहित से जुड़ी है। किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आई तो संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई तय है।”
प्रशासन अलर्ट—सर्द रातों में किसी को खुले में न ठिठुरने दें
कलेक्टर जैन ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि इलाके के संवेदनशील स्थानों की निगरानी करें और यह सुनिश्चित करें कि कोई भी व्यक्ति ठंड से परेशान होकर रात सड़क पर न गुजारे।
