The discovery of a young woman’s body on a canal bank caused a stir, with no signs of injury or identification—murder or conspiracy? An unsolved mystery.
मऊआइमा थाना क्षेत्र में शारदा सहायक नहर किनारे मिला शव, दुष्कर्म की आशंका, फोरेंसिक जांच के बाद पोस्टमार्टम, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
ब्यूरो रिपोर्ट
Prayagraj Crime Update प्रयागराज।- गंगापार के मऊआइमा थाना क्षेत्र अंतर्गत तिलई बाजार के पास शारदा सहायक नहर की पटरी पर शुक्रवार सुबह एक अज्ञात युवती का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। गोवर्धनपुर पुलिया के निकट पड़े शव को देखकर सुबह नहर पटरी से गुजर रहे ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। देखते ही देखते आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।
मृतका की उम्र लगभग 22 वर्ष आंकी जा रही है। उसके शरीर पर जींस पैंट और कुर्ती थी, पैरों में जूते पहने थे। एक हाथ में कलाईनारा और दूसरे हाथ में घड़ी पाई गई। घटनास्थल की स्थिति को देखकर ग्रामीणों ने आशंका जताई कि युवती की हत्या कहीं और कर शव को यहां लाकर फेंका गया है। साथ ही उसके साथ दुष्कर्म किए जाने की भी आशंका व्यक्त की गई है।

सूचना मिलते ही मऊआइमा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया। एसीपी फूलपुर विवेक यादव के निर्देश पर फोरेंसिक टीम को बुलाया गया। टीम ने करीब दो घंटे तक घटनास्थल की गहन जांच की, लेकिन मृतका के शरीर पर संघर्ष या बाहरी चोट के कोई स्पष्ट निशान नहीं मिले, जिससे मामला और भी रहस्यमय हो गया है।
पहचान बनी सबसे बड़ी चुनौती-
पुलिस ने आसपास के गांवों में युवती की शिनाख्त कराने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद जिले के सभी थानों के साथ-साथ पड़ोसी जनपद प्रतापगढ़ को भी शव मिलने की सूचना दी गई है। मृतका की फोटो व्हाट्सएप के माध्यम से विभिन्न थानों में भेजी गई है ताकि उसकी पहचान हो सके।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस-
गोवर्धनपुर पुलिया की ओर आने-जाने वाले सभी मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस गुरुवार शाम छह बजे से शुक्रवार सुबह आठ बजे तक की रिकॉर्डिंग की जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि जिस तरह शव को यहां लाकर फेंका गया है, उससे चार पहिया वाहन के इस्तेमाल की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का रहस्य-
एसीपी फूलपुर विवेक यादव ने बताया कि युवती के शरीर पर किसी प्रकार की बाहरी चोट के निशान नहीं हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस हत्या, दुष्कर्म और साजिश—तीनों बिंदुओं पर जांच कर रही है।
