High speed wreaks havoc in Koraon: Uncontrolled bike falls into canal, two youths seriously injured
शादी समारोह से लौटते समय बदौवा गांव के पास हुआ हादसा, दोनों घायलों को जिला अस्पताल किया गया रेफर
संवाददाता सुरेश चंद्र मिश्रा
Accident Update प्रयागराज कोरांव:- कोरांव थाना क्षेत्र के बदौवा इलाके में सोमवार रात तेज रफ्तार और अनियंत्रित बाइक जानलेवा साबित होते-होते बच गई। रवनिया गांव से एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहे दो युवक उस समय गंभीर हादसे का शिकार हो गए, जब उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बनी नहर में जा गिरी। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना सोमवार रात करीब 9 बजे की है। कोरांव के गजाधरपुर गांव निवासी उमेश कुमार पुत्र कृष्णा प्रसाद अपने मित्र पुष्पराज के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक बदौवा गांव के पास पहुंची, संतुलन बिगड़ने से बाइक सीधे नहर में गिर गई। हादसा इतना जोरदार था कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

दुर्घटना में बाइक चला रहे उमेश कुमार के सिर और मुंह में गंभीर चोटें आईं, जबकि पीछे बैठे पुष्पराज के सीने और सिर में गंभीर चोटें लगीं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोरांव पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया।
उमेश कुमार की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें उसी रात जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहीं पुष्पराज को मंगलवार दोपहर गंभीर हालत में शहर के अस्पताल भेजा गया। अस्पताल के चिकित्सक डॉ. केबी सिंह ने बताया कि उमेश कुमार को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है, जबकि पुष्पराज का इलाज शहर के अस्पताल में चल रहा है।
इस हादसे के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि बदौवा मार्ग पर नहर के किनारे सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं, जिससे आए दिन हादसों की आशंका बनी रहती है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि नहर के किनारे सुरक्षा रेलिंग और चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
फिलहाल दोनों घायलों की हालत चिंताजनक बनी हुई है और परिजन अस्पताल में मौजूद हैं। पुलिस को भी घटना की सूचना दे दी गई है।
