Terror due to firing in broad daylight: A young man was shot in a transaction dispute, the accused was arrested with a pistol.
गोला कोतवाली क्षेत्र के नई बाईपास अंधेरी बाग के पास हुई वारदात, बीच-बचाव में उतरे युवक के सीने में मारी गोली, हालत गंभीर
ब्यूरो अंशु वर्मा
Gola Lakhimpur Update:- गोला कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत नई बाईपास स्थित अंधेरी बाग के पास शुक्रवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पैसों के लेन-देन को लेकर हुए विवाद में दिनदहाड़े फायरिंग कर दी गई। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, काशीराम कॉलोनी में दो युवकों और एक व्यक्ति के बीच बकाया रकम को लेकर कहासुनी हो रही थी। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों युवक उस व्यक्ति को दौड़ाते हुए कॉलोनी में घुस आए। इस दौरान कॉलोनी के कुछ लोग, जिनमें लईक नामक युवक भी शामिल था, बीच-बचाव के लिए आगे बढ़े और हमलावरों का पीछा करने लगे।
पीछा करते-करते सभी नई बाईपास अंधेरी बाग तक पहुंच गए। तभी हमलावरों ने अचानक तमंचा निकालकर फायर कर दिया। गोली लईक के सीने में बाईं ओर नीचे की तरफ जा लगी। गोली लगते ही वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा, जिससे मौके पर भगदड़ मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई। सीओ गोला रमेश तिवारी पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और हालात को नियंत्रित किया। घायल युवक को तत्काल सीएचसी गोला ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर बताते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। बाद में बेहतर इलाज के लिए उसे लखनऊ भेजा गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि प्रशांत कमल पुत्र दिनेश कुमार और प्रशांत वर्मा पुत्र सर्वेश कुमार, निवासी हेमपुर थाना हैदराबाद, का संगम बिजुआ निवासी (वर्तमान पता काशीराम कॉलोनी) से करीब एक लाख रुपये का लेन-देन था। इसमें 47 हजार रुपये ऑनलाइन दिए जा चुके थे, जबकि 53 हजार रुपये अभी बकाया थे। इसी बकाया रकम को लेकर विवाद हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक रूप ले बैठा और फायरिंग तक जा पहुंचा।
घटना के तुरंत बाद सीओ गोला रमेश तिवारी ने तत्परता दिखाते हुए दोनों आरोपियों को तमंचे सहित मौके से हिरासत में ले लिया। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की गहन जांच जारी है।
दिनदहाड़े हुई इस फायरिंग की घटना से क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल है। हालांकि पुलिस की त्वरित कार्रवाई से आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी ने लोगों को कुछ हद तक राहत जरूर दी है।
