Elderly man dies after being hit by a high-speed bike in Koraon, tragic accident on Semriha road
टहलने निकले 80 वर्षीय चिंतामणि को बाइक सवार ने मारी टक्कर, हादसे के बाद आरोपी फरार, परिवार में मचा कोहराम
संवाददाता सुरेश चंद्र मिश्रा
(Korav Prayagraj) कोरांव प्रयागराज – जनपद के कोरांव थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 80 वर्षीय वृद्ध की मौत हो गई। यह हादसा सेमरिहा संपर्क मार्ग के मोड़ पर उस समय हुआ, जब एक अज्ञात बाइक सवार ने वृद्ध को जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। घटना से क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सेमरिहा गांव निवासी चिंतामणि पुत्र जयकरन शनिवार दोपहर करीब तीन बजे घर से टहलने के लिए निकले थे। वह कोरांव–कोहड़ार मुख्य मार्ग पर स्थित सेमरिहा संपर्क मार्ग के मोड़ पर कुछ देर के लिए बैठे थे। इसी दौरान कोहड़ार की ओर से तेज रफ्तार में आ रही एक बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि चिंतामणि सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद बाइक सवार बिना रुके मौके से फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घायल वृद्ध को संभाला और परिजनों को सूचना दी। परिजन आनन-फानन में उन्हें घर ले गए, लेकिन कुछ ही समय बाद चिंतामणि ने दम तोड़ दिया।
वृद्ध की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। शोकाकुल परिजनों ने बिना पुलिस कार्रवाई और पोस्टमार्टम कराए ही सिरसा घाट पर गंगा किनारे उनका अंतिम संस्कार कर दिया। बताया गया है कि मृतक चिंतामणि अपने पीछे दो पुत्रों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं।
घटना के बाद से टक्कर मारने वाले बाइक सवार का कोई सुराग नहीं मिल सका है। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर रोक लगाने और पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है। हादसे ने एक बार फिर ग्रामीण मार्गों पर सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
