संवाददाता (उ. प्र.) आगरा::- केंद्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की मुरादें अब पूरी हो रही हैं।
बापू 1947 में कांग्रेस को भंग करना चाहते थे लेकिन कुछ स्वार्थों के चलते ऐसा नहीं हो पाया।
आज जनता ने कर दिखाया। आज कांग्रेस और सपा की जो हालत है उससे ऐसा लगता है जैसे डायनासोर लुप्त हो गए थे वैसे ही कांग्रेस भी समाप्त हो जाएगी।
बापू गरीबी हटाना चाहते थे, कांग्रेस सालों में यह काम नहीं कर पाई, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी ने दस साल में 25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकाल दिया। उन्होंने आगे कहा कि वह गारंटी से कह रहे हैं कि भाजपा सरकार 10 साल और रह जाए तो भारत में कोई गरीब नहीं रहेगा।
रक्षामंत्री ने बुधवार को आगरा के बाह स्थित जरार मंडी ग्राउंड में भाजपा प्रत्याशी राजकुमार चाहर के समर्थन में जनसभा आयोजित की। पूर्व वायुसेनाध्यक्ष आरकेएस भदौरिया भी मंचासीन रहे।
रक्षामंत्री ने कहा कि नेहरू से लेकर मनमोहन सिंह तक गरीबी हटाने की बात होती रही लेकिन ऐसा नहीं हुआ। आज बड़े-बड़े अर्थशास्त्री कह रहे हैं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने करिश्मा कर दिया।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कांग्रेस को जनता विलुप्त कर रही है। पिछले लोकसभा-विधानसभा चुनावों में आप लोगों ने साइकिल की भी चेन उतार दी है।
आज कांग्रेस और सपा की जो हालत हो रही है उससे ऐसा लगता है जैसे डायनासोर पृथ्वी से लुप्त हो गए, उसी तरह कांग्रेस समाप्त हो जाएगी।
दस साल बाद ऐसी स्थिति बनेगी जब बच्चों से पूछेंगे कांग्रेस, तो बच्चे कहेंगे कौन कांग्रेस, ऐसे ही सपा के बारे में बच्चों से पूछेंगे तो बच्चे बोलेंगे समाप्त पार्टी।
राजनाथ सिंह ने कहा कि पहले भारत की कहीं कोई बात सुनी नहीं जाती थी। आज भारत जो कहता है, उसे दुनिया कान खोलकर सुनती है।
यह किसी देश की छोटी उपलब्धि नहीं है, जो देशभक्त होगा वह इस उपलब्धि पर गौरवान्वित होगा कि आज देश का मस्तक दुनिया में ऊंचा हो रहा है। जब विश्व रूस-यूक्रेन युद्ध से जूझ रहा था, तब वहां फंसे 30 हजार विद्यार्थियों को सकुशल लाने का कार्य भी इस सरकार ने कर दिखाया।
भाजपा घोषणापत्र समिति के अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने कहा कि हमारी पार्टी जो कहती है वह करती भी है।
कश्मीर से धारा 370 हटाना, तीन तलाक समाप्त करके मुस्लिम महिलाओं को राहत दिलाना, अयोध्या में भगवान रामलला की प्राणप्रतिष्ठा कराने का भी जिक्र किया।
अटलजी की याद, सीएम को सराहा
पूर्व प्रधानमंत्री अटलबिहारी वाजपेयी की जन्मस्थली पर राजनाथ सिंह भावुक हुए।
श्रद्धांजलि देते हुए अटलजी से अपने संबंधों को याद किया और उनके कार्यकाल में किए कामों को भी गिनाया।
उन्होंने कहा कि किसी भी राज्य के विकास के लिए जरूरी है बेहतर कानून व्यवस्था।
यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ कानून व्यवस्था दुरुस्त करने के साथ ही अर्थव्यवस्था को थ्री- ट्रिलियन पर ले जाने के लिए प्रयासरत हैं।