Bloody conflict over farmland in Meja: Bullies beaten with sticks, attempted firing, youth serious
गाली-गलौज से शुरू हुआ विवाद हिंसा में बदला; सोने की चेन लूटकर फरार हुए आरोपी, पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर ली—जांच जारी
संवाददाता आलोपी शंकर शर्मा
Prayagraj Meja ।:- मेजा थाना क्षेत्र में खेत के रास्ते को लेकर हुआ पुराना विवाद शनिवार को अचानक खूनी संघर्ष में बदल गया। ग्राम शम्भू का पुरा निवासी अनुपम कुमार पाण्डेय पर गांव के ही दबंगों ने लाठी-डंडों, लोहे की रॉड से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने तमंचे से फायर करने का प्रयास भी किया, लेकिन गोली चल नहीं पाई। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल बन गया।
पीड़ित अनुपम कुमार पाण्डेय ने पुलिस को बताया कि दो दिन पहले उन्होंने अपने खेत में गेहूं की बुवाई करवाई थी। शनिवार को जब वह खेत देखने पहुंचे, तो गांव के रामनाथ पाण्डेय अपने खेत में डालने के लिए सिरो नाइट पाउडर लदी गाड़ी अनुपम के खेत से होकर ले जाने लगे, जिससे बुवाई किया गया गेहूं का खेत खराब हो गया।
अनुपम ने इसका विरोध किया तो रामनाथ ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद मामला बढ़ गया और आरोप है कि रामनाथ पाण्डेय अपने साथी ज्ञानेश पाण्डेय (पुत्र रविशंकर पाण्डेय) के साथ हथियारबंद होकर मौके पर पहुंच गए। दोनों लाठी-डंडे, लोहे की रॉड और तमंचे से लैस थे।
गुस्साए आरोपियों ने अनुपम पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। जान बचाकर भागते समय ज्ञानेश ने उनके सिर पर जोरदार वार किया, जिससे उनका सिर फट गया और वह खेत में गिर पड़े। इसी दौरान रामनाथ ने ईंट उठाकर अनुपम के सिर पर वार किया, जबकि ज्ञानेश लगातार उनके पैर और शरीर पर मारता रहा। गंभीर चोटों के कारण अनुपम बेहोश हो गए।
इसी बीच, ग्रामीणों और पुलिस की आहट पाकर दोनों हमलावर मौके से भाग निकले। जाते समय वे अनुपम के गले में पहनी सोने की चेन भी तोड़ ले गए।
कुछ देर बाद होश आने पर अनुपम ने खुद को लहूलुहान हालत में पाया। तुरंत उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
मेजा थाना प्रभारी दीनदयाल सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से तहरीर मिली है। पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर उचित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
