black buck Brutality in Meja Reserve! Three accused arrested for attempting to crush blackbucks with a Scorpio
प्रयागराज के चांद खमरिया कृष्ण मृग संरक्षण क्षेत्र में शिकारियों की सनक, हिरणों के झुंड पर चढ़ाने दौड़ाई कार — वन विभाग की तत्परता से टली बड़ी अनहोनी, वाहन जब्त, आरोपी जेल भेजे गए
संवाददाता आलोपी शंकर शर्मा
Meja black buck Update मेजा प्रयागराज।:- कृष्ण मृग (काले हिरण) जैसे संरक्षित वन्य जीवों पर बेरहम हमला करने की साजिश को वन विभाग ने नाकाम कर दिया। मेजा इलाके के चांद खमरिया स्थित कृष्ण मृग संरक्षण क्षेत्र में तीन युवक स्कॉर्पियो गाड़ी से हिरणों के झुंड को कुचलने का प्रयास कर रहे थे। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम ने घेराबंदी कर वाहन समेत तीनों आरोपियों को धर दबोचा। मुकदमा दर्ज कर तीनों को जेल भेज दिया गया है।
चांद खमरिया क्षेत्र में सैकड़ों की संख्या में काले और सामान्य हिरण स्वच्छंद विचरण करते हैं। यह क्षेत्र विशेष रूप से कृष्ण मृगों के संरक्षण के लिए चिह्नित है, जहां शिकार पूरी तरह प्रतिबंधित है। वन विभाग की गश्ती टीम दिन-रात सुरक्षा में तैनात रहती है, लेकिन इसके बावजूद शिकारी अपनी घात लगाए बैठे रहते हैं।

सोमवार की देर शाम काले रंग की स्कॉर्पियो (यूपी 70 जीएस 9222) में सवार तीन युवक हिरणों के झुंड का पीछा करते हुए तेज रफ्तार में गाड़ी दौड़ा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वे जानबूझकर हिरणों को कुचलने की कोशिश कर रहे थे। मामले की सूचना मिलते ही मेजा रेंजर अजय सिंह के नेतृत्व में वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर तीनों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मेजा थाना क्षेत्र के कठौली निवासी अमित मिश्रा, पांती निवासी सुनील पटेल और पतई निवासी दुर्गेश पांडेय के रूप में हुई है। रेंजर अजय सिंह ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। घटना में प्रयुक्त वाहन को जब्त कर लिया गया है और तीनों को न्यायालय भेजकर जेल रवाना कर दिया गया।
बाइक स्टंट और सेल्फी पर भी चलेगा डंडा-
संरक्षित क्षेत्र में अक्सर कुछ लोग बाइक से फर्राटा भरते हुए हिरणों को डराते हैं। वहीं, कई युवक-युवतियां सेल्फी के चक्कर में हिरणों के बेहद करीब तक पहुंच जाते हैं, जिससे वन्य जीवों की जान को खतरा होता है। इस घटना के बाद वन विभाग ने सख्ती और बढ़ा दी है।
रेंजर ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि अब:
संरक्षित क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर पूर्ण रोक रहेगी।
हिरणों के पास जाकर फोटो या वीडियो बनाने वालों पर कानूनी कार्रवाई होगी।
गश्त बढ़ाकर संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जाएगी।
वन विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि वन्य जीवों को देखने का आनंद लें, लेकिन उनकी जान से खिलवाड़ न करें। काले हिरण न सिर्फ प्रकृति की अमूल्य धरोहर हैं, बल्कि कानूनन संरक्षित भी हैं। उनके साथ क्रूरता करने वालों के लिए अब जेल ही अंतिम ठिकाना होगी।
