
रत्योरा गांव में पुराने विवाद के चलते दोपहर में भिड़े दो पक्ष; घायल महिला को जिला अस्पताल रेफर, पुलिस ने शाम को केस दर्ज कर दी दबिश
संवाददाता सुरेश चंद्र मिश्रा
प्रयागराज कोरांव :- । मेजा तहसील क्षेत्र के कोरांव थाना अंतर्गत रत्योरा गांव में गुरुवार दोपहर दो पक्षों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। विवाद के दौरान डंडों से किए गए हमले में एक महिला का हाथ टूट गया, जबकि दो अन्य लोग भी गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी फूलचंद का कुछ लोगों से पुराना विवाद चल रहा था। गुरुवार दोपहर करीब ढाई बजे आरोपी आशीष, अभय राज और चंद्रभान अपने साथियों के साथ फूलचंद के घर पहुंचे और बहस करने लगे। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और बात मारपीट तक पहुंच गई।
आरोप है कि इस दौरान तीनों ने डंडों से फूलचंद, उसकी पत्नी श्याम कली और बेटे आकाश पर हमला कर दिया। हमले में श्याम कली का दाहिना हाथ कलाई से पूरी तरह टूट गया, जबकि आकाश के सिर और फूलचंद के शरीर पर गंभीर चोटें आईं।
घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोरांव ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने श्याम कली को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। डॉक्टरों ने बताया कि श्याम कली की कलाई की हड्डियां पूरी तरह अलग हो गई हैं और स्थिति गंभीर है।
कोरांव थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार वर्मा ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर पर शाम 5 बजे आशीष, अभय राज और चंद्रभान के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीम गठित कर दबिश दी जा रही है। उन्होंने कहा कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।